बाढ़ की चपेट में बैकुंठपुर के 14 गांव
संवाद सूत्र, बैकुंठपुर (गोपालगंज) : वाल्मिकी नगर बराज से 4 लाख 12 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने से बैकुंठपुर प्रखंड के कई गांवों में बाढ़ की स्थिति बिगड़ गयी है। प्रखंड के चौदह गांवों में बाढ़ का पानी आने से बीस हजार से अधिक की आबादी इस पानी से घिर चुकी है। प्रखंड क्षेत्र के महारानी उग्रसेन टोला, पंगडुही, हथियाई, उफंदा, सत्तरघाट, प्यारेपुर, बीन टोली, महम्मदपुर, आशा खैरा, दीपउ पकड़ी, गम्हारी दियारा, सलेमपुर, खोमारीपुर आदि गांवों को बाढ़ के पानी ने चारों ओर से अपने आगोश में ले लिया है। मालूम हो कि इनमें से कई गांवों में तीन-तीन फीट तक पानी बह रहा है। ऐसे में गांव के लोगों की समस्या बढ़ गयी है। कई गांवों के लोग तेजी से पानी भरने के कारण अपने पक्के मकानों की छत पर शरण लिए हुए हैं। सीओ अरविंद प्रताप शाही ने बताया कि बाढ़ में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए आधा दर्जन नावों की व्यवस्था की गयी है। उन्होंने बताया कि जल्द से नदी के पानी में फंसे परिवार के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर लाने का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। ज्ञातव्य है कि नदी का पानी बढ़ने के कारण सारण तटबंध व राजस्व छरकियों पर बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारी चौकसी बरत रहे हैं। जिन स्थानों पर छरकियों पर दबाव है वहां होमगार्ड के जवानों की प्रतिनियुक्ति की गयी है। सदर एसडीएम रेयाज अहमद खां ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गयी है।