चितू टोला में मारपीट, चार आरोपी गिरफ्तार
संवाद सूत्र,थावे (गोपालगंज) : थाना क्षेत्र के चितू टोला में दो अलग अलग घटनाओं में महिला सहित आधा दर्जन लोग को मारपीट कर घायल कर दिया। इन घटनाओं की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि चितू टोला निवासी सीमा देवी अपने घर में थी कि इसी बीच उनके पट्टीदार राजन पाण्डेय, छोटकन पाण्डेय और अमन पाण्डेय सहित अन्य लोग उनके घर में घुस कर उनके साथ मारपीट करने लगे। इन बीच उन्हें बचाने आये उनके पुत्र रोहित कुमार और सुमित कुमार को लाठी डंडे से पीट कर घायल कर दिया गया। घर में घुस कर मारपीट करने के बाद थावे दुर्गा मंदिर परिसर पहुंच कर हमलावरों ने महिला के ससुर को भी मारपीट कर घायल कर दिया। इस घटना को लेकर पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है। वहीं इसी गांव में अपने घर के बाहर खेल रही अनपूर्णा देवी की पुत्री रेखा कुमारी को सुमित कुमार पाण्डेय और उनके परिवार के सदस्य मारने पीटने लगे। उन्हें बचाने आने पर परिवार के अन्य सदस्यों को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। झगड़ा का कारण पूर्व से चल रहे भूमि विवाद को बताया जाता है। इस घटना की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।