ईद को ले कड़े किए गए सुरक्षा प्रबंध
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : ईद को लेकर जिले में सुरक्षा प्रबंध कड़े किये जाने के साथ ही सोमवार को ही दंडाधिकारियों को निर्धारित स्थान पर पहुंचने के निर्देश दे दिये गये हैं। प्रशासनिक स्तर पर चिह्नित किये गये 186 स्थानों पर दंडाधिकारियों के अलावा इतने ही पुलिस पदाधिकारियों को पहुंचकर अपने कार्य को संभालने का निर्देश जारी करते हुए प्रशासन ने आम लोगों को अफवाह फैलाने वालों के साथ ही असामाजिक तत्वों के अफवाहों से बचने का निर्देश जारी किया गया है।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार ईद को लेकर सोमवार की शाम से जिला नियंत्रण कक्ष को चालू कर दिया गया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ईद को लेकर जिलाधिकारी व आरक्षी अधीक्षक ने संयुक्त रूप से आदेश जारी करते हुए शराब की बिक्री पर पूर्व रूप से प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया है। जिला मुख्यालय में नियंत्रण कक्ष राउंड दी क्लाक कार्यरत रहेगा। तीन पालियों में दण्डाधिकारियों की प्रतिनियुक्त नियंत्रण कक्ष में की गई है। नियंत्रण कक्ष के लिए अपर समाहर्ता जयनारायण झा, उप विकास आयुक्त सुनील कुमार तथा अपर समाहर्ता विभागीय जांच हेमंत नाथ देव की तैनाती की गयी है। इसके अलावा भी अन्य दंडाधिकारियों व कर्मियों को यहां 28 से 30 जुलाई तक तैनात किया गया है। पर्व को देखते हुए सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्क रहने को कहा गया है। चांद के दृष्टिगोचर होने पर ईद 29 या 30 जुलाई को मनाये जाने की संभावना है।
क्या दिये गये हैं निर्देश
* अफवाहों से बचें।
* हर हाल में शांति बनाए रखें।
* धार्मिक जुलूस व मेले पर कड़ी निगरानी।
* एसडीओ दें हर दिन का खैरियत प्रतिवेदन।
* नगर में सफाई व्यवस्था।
* अग्निशमन की तैनाती।
* मस्जिदों के आसपास पूर्ण सुरक्षा।
* विधि व्यवस्था की हो सतत निगरानी।
* मस्जिद व आसपास के इलाके में पर्याप्त सफाई।