एसपी ने की सामूहिक दुष्कर्म कांड की जांच
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : नगर के स्टेशन रोड में हुए महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले की एसपी डा. विनोद कुमार चौधरी ने खुद जांच की। जांच के दौरान उन्होंने स्टेशन व आसपास के इलाके में मौजूद लोगों से घटना के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को दोपहर बाद एसपी डा. विनोद कुमार चौधरी महिला थानाध्यक्ष सरिता कुमारी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पहुंचने के बाद उन्होंने स्टेशन तथा आसपास के दुकानदारों व महिलाओं से घटना के बारे में जानकारी प्राप्त की। करीब आधे घंटे तक चली जांच के दौरान एसपी ने घटना के समय के समय लोगों की मौजूदगी के बारे में भी पूछताछ की। ज्ञातव्य है कि चार दिन पूर्व बाजार से सामान खरीद कर घर लौटने के क्रम में एक महिला को गोपालगंज स्टेशन के समीप रोककर उसके साथ तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। घटना को लेकर स्टेशन रोड में रहने वाली उक्त महिला ने महिला थाने में पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है।