मुखिया पति पर छेड़खानी की प्राथमिकी
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : फेरी कर कपड़ा बेचने वाली एक महिला के साथ छेड़खानी तथा मारपीट कर घायल करने के बाद उनके पास मौजूद नकदी छीन लेने के आरोप में मुखिया पति सहित चार लोगों के विरुद्ध महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार बरौली थाना क्षेत्र के बखरौर पचपटिया गांव की एक महिला प्रतिदिन की तरह फेरी का कपड़ा बेचने के लिए गयी थी। विशुनपुरा बाजार से घर लौटने के क्रम में रास्ते में बखरौर गांव के निवासी तथा मुखिया पति मनोज कुमार श्रीवास्तव सहित चार लोगों ने उसके साथ कथित रूप से छेड़खानी की। विरोध करने पर इन लोगों ने महिला को मारपीट कर घायल करने के बाद उसके पास मौजूद चार हजार रुपये नकदी छीन ली। पीड़ित महिला जब बरौली थाना पहुंची तो पुलिस ने इस मामले में कोई भी कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। थककर महिला मंगलवार को महिला थाना पहुंची तथा मामले की प्राथमिकी दर्ज करायी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।