दुग्ध संग्रहण केन्द्र पर भी चलेगा अभियान
जागरण न्यूज नेटवर्क, गोपालगंज : मतदाताओं को वोट डालने के प्रति जागरुक करने के लिए वरीय अधिकारियों ने मंगलवार को बैठकें की। बैठक में दुग्ध संग्रहण केन्द्रों पर भी जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर डेयरी पदाधिकारी को प्रत्येक दूध संग्रह केन्द्र पर फ्लैक्स बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया।
जिला परिषद के सभागार में आयोजित बैठक में दूध उत्पादन केन्द्रों पर वोटरों को जागरुक करने का अभियान चलाने पर सर्वसम्मति बनी। बैठक में मौजूद एसडीओ रेयाज अहमद खां ने कहा कि प्रत्येक दूध संग्रहण केन्द्र पर प्रति दिन सैकड़ों की संख्या में लोग आते हैं। यहां आने वाले लोगों में ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की संख्या अधिक होती है। ऐसे में यहां प्रचार प्रसार करने में तेजी लाया जाय। बैठक में उप विकास आयुक्त सुनील कुमार ने भी कई बिन्दुओं पर निर्देश दिया। इसके अलावा फुलवरिया प्रखंड के हाई स्कूल कोयलादेवा में मतदाता जागरुकता को लेकर बच्चों की कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मौके पर उप विकास आयुक्त ने मौजूद लोगों को वोट डालने के अधिकार के बारे में विधिवत जानकारी दी।