धर्म व अध्यात्म की संगमस्थली है 'गयाजी' : राज्यपाल
गया। सूबे के राज्यपाल रामनाथ कोविंद ने कहा कि 'गयाजी' धर्म और अध्यात्म की संगमस्थली है। बोधगया ज्
गया। सूबे के राज्यपाल रामनाथ कोविंद ने कहा कि 'गयाजी' धर्म और अध्यात्म की संगमस्थली है। बोधगया ज्ञानभूमि है तो 'गयाजी' मोक्ष भूमि के रूप में विश्वविख्यात है। बोधगया में राजकुमार सिद्धार्थ को संबोधि लाभ हुआ तो 'गयाजी' में सनातनी लोग आस्था के साथ अपने पूर्वजों के मोक्ष की कामना से पिंडदान करने आते हैं। राज्यपाल श्री कोविंद बुधवार को जिले के बांकेबाजार में आयोजित महायज्ञ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसके पहले उन्होंने महायज्ञ में प्रतिभाग कर पूजा-अर्चना की और पौधरोपण किया।
राज्यपाल ने कहा कि मगध की धरती उर्जावान रही है। यहां आने वाले पर्यटकों को सकारात्मक उर्जा प्राप्त होती है। महायज्ञ में आप सभी की आस्था है, इसलिए यहां एकत्रित हुए हैं। उन्होंने कहा कि धर्म हमेशा अधर्म से श्रेष्ठ होता है। धर्म के शरणागत होना सही मायने में स्वर्ग की प्राप्ति है। यज्ञ के साधन की सार्थकता सात्विक विचार से ही आ सकती है। उन्होंने कहा कि कुछ सामाजिक विकृतियों के कारण बिहार में पिछड़ापन दिखता है। हर काम को सरकार पर न छोड़ें, आचार्य विनोबा भावे की भांति श्रमदान की पद्धति का अनुकरण करें। मैं सभी धर्मो का समानभाव से आदर करता हूं। कार्यक्रम को पूर्व मुख्यमंत्री व हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतनराम मांझी, गुरुआ के विधायक राजीव कुमार दांगी, पूर्व विधान पार्षद अनुज कुमार सिंह आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन पर्वतीय सूर्य व शिव मंदिर जीर्णोद्धार सह निर्माण समिति के अध्यक्ष अलखदेव प्रसाद यादव ने किया।
--------
महायज्ञ में की पूजा-अर्चना :
राज्यपाल श्री कोविंद बुधवार दोपहर बांकेधाम में चल रहे नौ दिवसीय श्री सीताराम व श्री रामचरित मानस नवाह्न परायण पाठ महायज्ञ में पहुंचे। जहां महायज्ञ करा रहे आचार्यो ने उनकी तिलक लगाकर अगवानी की। इसके बाद राज्यपाल ने यज्ञ मंडप में बैठकर पूजा-अर्चना और परिक्रमा की। राज्यपाल को आचार्य सुधीर कुमार शर्मा ने पूजा-अर्चना कराई।
------
राज्यपाल ने पौधा भी रोपा :
महायज्ञ में शामिल होने यहां पहुंचे राज्यपाल रामनाथ कोविंद ने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होनें पौधारोपण करते हुए अधिकाधिक संख्या में पौधे रोपने की अपील लोगों से की। इस मौके पर समाजसेवी अरविंद राय ने क्षेत्र को हरा-भरा रखने का संकल्प लिया।