इश्क में अंधी मां ने रची खौफनाक साजिश, मासूम बच्चों को जिंदा जलाया
इश्क में अंधी मां ने खौफनाक साजिश रची। उसने प्रेमी के साथ मिलकर अपने दो मासूम बच्चों को जिंदा जला डाला। घटना गया में हुई।
गया [जेएनएन]। इश्क में अंधी युवती ने प्रेमी संग मिलकर खौफनाक साजिश रची। इसके बाद उसने अपने दो मासूम बच्चों को पलंग से बांधकर उसमें आगे लगा दी। फिर प्रेमी संग फरार हो गई। दिल दहला देने वाली यह घटना गया के गुरारू थाना क्षेत्र के तिलोरी गांव में हुई।
जानकारी के अनुसार सोमवार की रात ब्यूटी देवी ने अपने दो बच्चों गुडिय़ा कुमारी उर्फ कारी (4) और भोलू कुमार (2) के हाथ-पैर पलंग से बांधने के बाद आग लगा दी। घटना में दोनों मासूम जिंदा जल गए। इसके बाद वह रात में ही प्रेमी के साथ फरार हो गई। मंगलवार को मौके पर पहुंची पुलिस ने पलंग पर दोनों बच्चों के जले शव मिले। ससुर ने दर्ज कराई प्राथमिकी में ब्यूटी को घटना के लिए जिम्मेदार बताया है।
उदय शंकर सिंह के अनुसार 2011 में उनके बेटे जितेंद्र की शादी झारखंड के पलामू के हैदरनगर थाना के नौडीहा गांव की ब्यूटी से हुई थी। शादी के बाद ब्यूटी मायके से एक बार प्रेमी के संग फरार हो चुकी है। इसकी एफआइआर भी दर्ज है। लौटने के बाद भी वह मोबाइल पर लगातार किसी से बात करती रहती थी।
उदय शंकर सिंह के अनुसार तीन महीने पहले जितेंद्र रोजगार के लिए लुधियाना चला गया था। सोमवार को वे एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में गए थे। ब्यूटी घर में बच्चों के साथ अकेली थी। रात को उसने पहले बच्चों को सुलाया, फिर उनके हाथ-पैर पलंग से बांधकर जिंदा जला दिया। सुबह दिन चढऩे के साथ जब घर से कोई सुगबुगाहट नहीं आई तो गांव वालों ने पुलिस को सूचित किया।