सड़क हादसे में बाल-बाल बचे पूर्व सांसद
बाराचट्टी थाना क्षेत्र के भदेया के समीप पूर्व सांसद रामजी माझी व साथ रहे अशोक आजाद।
गया। बाराचट्टी थाना क्षेत्र के भदेया के समीप पूर्व सांसद रामजी माझी व साथ रहे अशोक आजाद, कृष्ण कुमार सिंह मंगलवार को सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह की कोर्ट में पेशी होने वाले निर्णय को सुनने व सिंह से मिलने हजारीबाग गए थे। वहा से दोपहर बाद गया शहर स्थित अपने आवास वापस लौटने के क्रम में भदेया के निकट अचानक वाहन के सामने एक गाय आ गई। इस कारण वाहन चालक तेज रफ्तार में होने के कारण अपना संतुलन खो बैठा और जानवर को बचाने के दौरान यह घटना हुई। वाहन को पूर्व सांसद के करीबी अशोक आजाद खुद चला रहे थे। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयानक था कि आसपास के लोगों ने समझा कि वाहन मे सवार सभी की मौत हो गई होगी। यह सोच जो जहा था वहा से दौड़ा और पलटे हुए स्कारपियो को खड़ा कर उस पर सवार पूर्व सांसद श्री मांझी को देखकर लोग अचंभित हो गए। खिड़की का शीशा तोड़कर सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया।
पूर्व सांसद रामजी मांझी ने कहा कि मौत को पहली बार पास से देखा। भगवान ने हम लोगों को बचा लिया। उन्होंने कहा कि हमारा वाहन डिवाइडर से टकराकर चार बार पलट गया। हमारे दाहिने पैर मे गंभीर रूप से चोट लगी है। वहीं कृष्ण कुमार सिंह की छाती में चोट आई हैं। जबकि अशोक आजाद सुरक्षित है। श्री मांझी ने कहा कि स्थानीय लोगों ने हम लोगों को वाहन से बाहर निकालकर स्थानीय चिकित्सक से प्राथमिक उपचार कराने का काम किया। तत्पश्चात दूसरे वाहन से पूर्व सांसद व उनके समर्थकों को गया भेजा गया।