इस बाहुबली विधायक ने सीएम को दी थी धमकी, हुई कोर्ट में पेशी
मोकामा के विधायक अनंत सिंह को कड़ी सुरक्षा के बीच बेउर जेल से गया व्यवहार न्यायालय में ले जाया गया। उसके बाद पुन: बेउर जेल वापस लाया गया।
गया [जेएनएन]। पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी के खिलाफ अपशब्द बोलने के मामले में मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह की पेशी शुक्रवार को गया व्यवहार न्यायालय के विशेष न्यायालय एससी/एसटी के प्रभारी सत्र न्यायाधीश सचिदानंद सिंह के समक्ष हुई।
न्यायाधीश ने विधायक को न्यायिक हिरासत में केन्द्रीय कारागार भेजने का निर्देश दिया। उसके बाद अनंत सिंह को गया केन्द्रीय कारागार और फिर वहां से पटना बेउर जेल भेज दिया गया।
विधायक को बेउर जेल से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में गया लाया गया था। केन्द्रीय कारा बेउर से जारी एक पत्र में कहा गया था कि विधायक पर व्यवहार न्यायालय पटना में ट्रायल चल रहा है जिसमें 22 अप्रैल को उनकी पेशी है। उसी पत्र के आलोक में विधायक को बेउर जेल वापस ले जाने का आदेश न्यायाधीश ने दिया।
यह भी पढ़ें: बेउर जेल से रिहा हुए सांसद पप्पू यादव, लालू परिवार पर बोला हमला
मालूम हो कि खिजरसराय थाना कांड संख्या 33/15 में विधायक अनंत सिंह प्राथमिक अभियुक्त हैं। कांड के सूचक उपेन्द्र मांझी हैं। उनपर 11 फरवरी 2015 को तत्कालीन मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी के खिलाफ अपशब्द बोलने का आरोप लगाया गया है। साथ ही धमकी देने का भी आरोप लगा था। कांड भादवि कि धारा 506 एवं 3 एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज है।
यह भी पढ़ें: हैल्लो! 5 हजार खाते में डालिए, आपकी बेटी का नंबर बढ़वा देंगे, जानिए पूरा मामला