पुलिस प्रताड़ना का आरोप लगा युवक ने की आत्महत्या
गया। जहानाबाद पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए एक युवक ने अपनी जान दे दी। शिवकुमार शर्मा नामक युव
गया। जहानाबाद पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए एक युवक ने अपनी जान दे दी। शिवकुमार शर्मा नामक युवक का शव पुलिस ने सोमवार को फल्गु नदी से बरामद किया है। पुलिस ने मृतक के पास से पटना से जहानाबाद तक का रेल टिकट और मृत्यु पूर्व दो पेज का लिखित बयान बरामद किया है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उसके शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
मूलत: जहानाबाद के मखदुमपुर थाना के सागरपुर-इस्माइलपुर गांव का निवासी शिवकुमार शर्मा पुत्र सीताराम शर्मा वर्तमान में गया के मानपुर के लक्खीबाग मोहल्ले में रह रहा था। शिवकुमार के जहानाबाद स्थित पैतृक घर पर तीन सितंबर 2016 को गोलीबारी हुई थी। गोलीबारी में शिवकुमार की पत्नी रीता देवी की मृत्यु हो गई थी। इसमें शिवकुमार भी गोली लगने से जख्मी हो गए थे। उसने अपने मृत्यु पूर्व लिखित बयान में आरोप लगाया है कि जहानाबाद जिले के मुखदुमपुर थाने में दर्ज उक्त हत्याकांड में क्षेत्रीय पुलिस उपाधीक्षक ने उसे (वादी) दोषी मानते हुए प्रतिवेदन-2 एसपी को समर्पित किया। पुलिस के इस कृत्य से वह काफी दु:खी व पीड़ित था। उसके छोटे भाई कुंदन ने बताया कि जहानाबाद पुलिस की कार्रवाई के बाद बड़े भाई शिवकुमार काफी परेशान रहते थे। उनकी एक पुत्री है। उसकी शादी को लेकर वह पिछले काफी समय से परेशान थे। दूसरी ओर बड़े बेटे शिवकुमार की मृत्यु के बाद पिता सीताराम शर्मा काफी बदहवास दिखे। वह अपने पुत्र की असामयिक मृत्यु से सदमे की हालत में थे। ऐसे में वह कुछ भी बोलने में असमर्थ थे।
मुफस्सिल थाने के एसएचओ कमलेश कुमार शर्मा ने कहा कि शिवकुमार शर्मा की मौत प्रथमदृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रही है। शव पर जख्म का कोई निशान नहीं मिला हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या का कारण स्पष्ट हो सकेगा। एसएचओ के अनुसार पुलिस हर बिंदु पर जांच कराकर अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। वहीं भाजपा नेता राजीव कुमार कन्हैया ने अज्ञात अपराधियों पर शिवकुमार शर्मा की हत्या करने का आरोप लगाया हैं।