गया में नक्सली विस्फोट, बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी
जिले के नक्सल प्रभावित आंती थाना अंतर्गत गया-रफीगंज सड़क मार्ग पर वीरनामा गांव के पास गुरुवार की रात बारूदी सुरंग विस्फोट में वाहन पर सवार आंती पुलिस और एसटीएफ के जवान बाल-बाल बच गए। डीआइजी ने कहा कि पुलिस वाहन गुजरने के पूर्व विस्फोट हो गया।
गया। जिले के नक्सल प्रभावित आंती थाना अंतर्गत गया-रफीगंज सड़क मार्ग पर वीरनामा गांव के पास गुरुवार की रात बारूदी सुरंग विस्फोट में वाहन पर सवार आंती पुलिस और एसटीएफ के जवान बाल-बाल बच गए। डीआइजी ने कहा कि पुलिस वाहन गुजरने के पूर्व विस्फोट हो गया। इस कारण नक्सली अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। विस्फोट के बाद पुलिसकर्मी सुरक्षित आंती थाना लौट आए हैं।
घटना के बाद इलाके में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाने को अनुमंडल मुख्यालय टिकारी व जिला मुख्यालय गया से अतिरिक्त पुलिस बल के साथ अधिकारियों को रवाना किया गया है।
मगध क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आंती-रफीगंज सड़क मार्ग पर प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादियों ने बारूदी सुरंग बिछाई थी। आंती थाना से करीब ढाई किमी दूर वीरनामां गांव के पास आंती-रफीगंज सड़क मार्ग पर रात करीब आठ बजे के आसपास दो विस्फोट हुए। विस्फोट के समय पुलिस वाहन घटना स्थल से कुछ दूरी पर था। वाहन पर सवार पुलिसकर्मियों ने मोर्चा लेते हुए नक्सलियों को ललकारा। लेकिन नक्सली अंधेरा का लाभ उठाते हुए फरार हो गए।
डीआइजी ने बताया कि पुलिस को सूचना थी कि उक्त सड़क मार्ग से औरंगाबाद की ओर अवैध हथियार लेकर कुछ लोग जा सकते हैं। उसी के मद्देनजर वाहनों की चेकिंग के लिए कई स्थानों पर पुलिस बल को लगाया गया था।