कूड़े-कचरे के बीच आज मनेगी दीपावली
गया, जागरण संवाददाता : कहने को तो शहर में दीपावली व छठ पर्व को लेकर दो पालियों में कूड़े-कचरे का उठाव
गया, जागरण संवाददाता : कहने को तो शहर में दीपावली व छठ पर्व को लेकर दो पालियों में कूड़े-कचरे का उठाव नगर निगम करा रही है। बुधवार को दोपहर के वक्त शहर के कई ऐसे रोड व इलाके में कचरे का ढेर मिला। ऐसे में निगम की सफाई व्यवस्था पर सवालिया निशान लग रहे हैं। विशेष कर 'स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत' अभियान की मुहिम में अड़चन जैसी लगती है। गुरुवार को दीपावली है। बुधवार को छोटी दीपावली लोग मनाते हैं। ऐसे में गंदगी के बीच यह पर्व मनाने को शहरवासी विवश होंगे।
बाजार क्षेत्र से नहीं उठा कचरा
शहर के मुख्य मार्गो में शहीद रोड, रमना रोड में कचरे के ढेर लगे रहने से आसपास के लोग तो परेशान हैं। इस मार्ग से होकर शापिंग करने निकले शहर के लोगों को लिए अलग से परेशानी हो रही है।
गौड़िया मठ के पास कचरा
जीबी रोड शहर के प्रधान सड़क की श्रेणी में आता है। इसी सड़क से थोड़ी दूर अंदर जाने पर गौड़िया मठ है। इस मठ के प्रवेश मार्ग पर कूड़े-कचरे का ढेर लगा है। ऐसे में स्वाभाविक है कि प्रभु चैतन्य के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं के मन को ठेस पहुंचेगा।
शिक्षा मंदिर के पास गंदगी
शहर के मठ के आसपास गंदगी का ढेर को उठाया नहीं गया। वहीं दूसरी तरफ शिक्षा के मंदिर क्रेन स्कूल के पास कचरे का ढेर लगे रहना इस बात का प्रमाण है कि सफाई व्यवस्था से जुड़े निगम के अधिकारी व कर्मचारी से लेकर इस कार्य के पर्यवेक्षण करने वाले भी मानो थोड़ी ढिलाई बरत रहे हैं।