नगर आयुक्त के समर्थन में आगे आए पार्षद
गया, जागरण संवाददाता : निगमायुक्त डा. निलेश देवरे के पक्ष में कई पार्षद आगे आकर उन्हें ईमानदारी व कर
गया, जागरण संवाददाता : निगमायुक्त डा. निलेश देवरे के पक्ष में कई पार्षद आगे आकर उन्हें ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठ पदाधिकारी बताया है। पार्षद संतोष सिंह तथा भीम यादव ने बयान जारी कर कहा है नगर निगम के हित में बहुत दिनों बाद एक ईमानदार नगर आयुक्त आए हैं। पार्षद भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज उठाते थे। लेकिन पूर्व के दो-तीन नगर आयुक्तों ने कार्रवाई नहीं की। लेकिन डा. देवरे ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कहा है कि भाजपा नेताओं द्वारा नगर आयुक्त का पुतला जलाना निंदनीय है। उन्होंने नगर आयुक्त के खिलाफ आंदोलन कर रहे भाजपा नेताओं को सुझाव के तौर पर कहा है कि पूरी जानकारी के बिना भ्रष्ट लोगों का साथ इतनी बड़ी पार्टी के नहीं दें।
जदयू के जिला उपाध्यक्ष वार्ड पार्षद लालजी प्रसाद, जदयू महानगर उपाध्यक्ष पार्षद अनिता अनु, खतीब अहमद, पार्षद प्रतिनिधि दीपक कुमार दीपू का कहना है कि स्वाभाविक सी बात है कि जब निगम हित में कोई पदाधिकारी काम करेगा तो भ्रष्ट निगमकर्मी उस पदाधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोलेगा। भाजपा नेताओं को इन पार्षदों ने भी सलाह के तौर पर कहा है कि अच्छे, ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ पदाधिकारी को भ्रष्ट कहना छोड़ दें। भ्रष्ट पदाधिकारी के विरुद्ध एवं शहर की समस्याओं के समाधान हेतु आंदोलन करें। जनता भी साथ देगी।
वार्ड पार्षद शशि किशोर उर्फ शिशु ने कहा है कि एक ईमानदार, मेहनती, कर्मठ एवं सहनशील नगर आयुक्त को भ्रष्टाचारियों द्वारा कार्य करने से रोका जा रहा है। शहर के विकास को अवरुद्ध कर राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। शिशु ने कहा है कि सोमवार को नगर आयुक्त के समर्थन में उनके नेतृत्व में एक कैंडल जुलूस आजाद पार्क से निकल कर समाहरणालय तक जाएगा। जिसमें पार्षद सुरेन्द्र प्रसाद, ओमप्रकाश, अनिता अनु, रजनी देवी, सुधा सिन्हा, सारिका वर्मा, संतोष सिंह व प्रबुद्ध नागरिक शामिल रहेंगे।