अपहृत युवती को देवघर पुलिस ले गई
गया, जागरण संवाददाता: झारखंड प्रदेश के देवघर जिले के देवघर नगर थाना क्षेत्र के निवासी गोवर्द्धन प्रसाद वर्णवाल की अपहृत पुत्री आरती वर्णवाल को देवघर नगर थाना की पुलिस मंगलवार को अपने साथ देवघर ले गई। रेल डीएसपी शैलेश कुमार सिन्हा ने बताया कि देवघर नगर थाना के अनि अमरेन्द्र सिंह तथा महिला आरक्षी सुनिता सिंह सोमवार की देर रात गया रेल थाना पहुंचे। मंगलवार की सुबह आरती वर्णवाल को अपने साथ ले गए। मालूम हो कि सोमवार की सुबह करीब 10:30 बजे गया जंक्शन पहुंची किऊल-गया सवारी ट्रेन से रेल पुलिस ने आरती को बरामद कर थाना ले गई थी। आरती के बयान पर देवघर जिला के तत्कालीन जिला कल्याण पदाधिकारी अशोक प्रसाद तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पदाधिकारी जवाहर प्रसाद के विरूद्ध दुष्कर्म का मामला देवघर थाना में कांड संख्या के रूप में 150/13 दर्ज है। दोनों पदाधिकारी देवघर के जेल में बंद हैं। मालूम हो कि पीड़िता ने अपने बयान में रेल पुलिस को बतायी थी कि रविवार की रात वे घर के छत पर सोई हुई थी। तीन की संख्या में रहे अज्ञात लोग घर में घुस कर उसे बेहोश कर दिया। जब होश आया तो पता चला कि वह ट्रेन द्वारा गया जंक्शन पहुंच चुकी है। रेल पुलिस ने पीड़िता के मेडिकल जांच भी कराया। जांच रिपोर्ट देवघर पुलिस को सौंप दी गई है।