राजनैतिक-आर्थिक प्रस्ताव पारित
गया, जागरण संवाददाता: भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक रविवार को जिलाध्यक्ष जैनेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में टीएन पैलेस दंडीबाग में हुई। जिसमें दो राजनैतिक तथा चार आर्थिक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। पार्टी नेताओं ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा गया जिले को सबसे अधिक राशि का प्रावधान बजट में किया गया है। हलदिया गैस पाइप लाइन गया से होकर गुजरने पर गैस के मामले में आत्मनिर्भर हो जाएगा। गया और बोधगया को बुद्धा सर्किट से जोड़ते हुए हेरिटेज सिटी के विकसित किया जाएगा। वहीं गया से गरीब रथ के परिचालन को लेकर केन्द्र सरकार के प्रति आभार प्रगट किया गया। अमित शाह को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर केन्द्रीय नेतृत्व को बधाई दी गई। पूर्व मंत्री डा. प्रेम कुमार ने कहा कि बिहार में भाजपा को सरकार से अलग किया गया। तबसे सूबे का विकास दर आधा से भी कम हो गया। गुरूआ विधायक सुरेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था बिल्कुल खराब हो चुकी है। विधान पार्षद कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि जिस चट्टानी एकता के साथ लोस चुनाव में पार्टी को अपार सफलता मिली है। उसे बनाए रखते हुए आगामी विस चुनाव में 175 का लक्ष्य हासिल करना है। बिजली, राशन कार्ड की समस्या को लेकर 5 अगस्त को आजाद पार्क से अंबेडकर पार्क तक प्रदर्शन व धरना का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में गुरूआ के जदयू नेता बरमजीत कुमार कुशवाहा एवं राजू कुमार अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्या ग्रहण कर पार्टी में शामिल हो गए। पार्टी के सदस्यता अभियान में सभी मंडल अध्यक्षों को जुट जाने का आह्वान किया गया। बैठक का संचालन धनराज शर्मा ने किया। बैठक में सांसद हरि मांझी, विधायक विरेन्द्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष डा. राजेन्द्र गुप्ता, विधायक डा. श्यामदेव पासवान, जिला उपाध्यक्ष वीरेन्द्र राउत, इंदू सहाय, नरेन्द्र सिंह दांगी, संतोष गुप्ता, महामंत्री दयानंद गिरि, वरिष्ठ भाजपा नेता अखौरी निरंजन प्रसाद, क्षितिज मोहन सिंह, हरेराम सिंह, महादेव प्रसाद, ललिता सिंह, रीना शर्मा, सरयू ठाकुर आदि शामिल हुए।