विश्व के 19 सर्वश्रेष्ठ विवि अमेरिका में: डा. स्वीलाफ
जागरण संवाददाता, बोधगया (गया): संयुक्त राज्य अमेरिका वेस्टर्न कनेक्टीकट स्टेट यूनिवर्सिटी, न्यूयार्क के प्राध्यापक डा. मैथ्यू स्वीलाफ ने कहा कि भारत की तरह संघीय संविधान में शिक्षा की व्यवस्था संयुक्त राज्य अमेरिका में नहीं है। यह पूरी तरह राज्यों पर निर्भर है। राज्य शिक्षा व्यवस्था पर अत्यधिक राशि खर्च करती है। इसी वजह से विश्व के 50 सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों सूची में अमेरिका का 19 विश्वविद्यालय शामिल है। डा. स्वीलाफ मंगलवार को मगध विश्वविद्यालय शिक्षा विभाग में एक विशेष व्याख्यान माला को संबोधित कर रहे थे। इसके पूर्व डा. स्वीलाफ का शिक्षा विभाग के निदेशक सह संकायाध्यक्ष डा. इसराइल खा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
उन्होंने अमेरिकी शिक्षा की चुनौतियों पर चर्चा करते हुए कहा कि अमेरिका में जातीय व आर्थिक भिन्नताएं हैं। लेकिन समावेशी शिक्षा प्रणाली का प्रयोग कर इस पर काबू पाया गया है। उन्होंने कहा कि भारत में भी ऐसी भिन्नताएं देखी जाती है। इसलिए भारत को भी समावेशी शिक्षा प्रणाली का प्रयोग कर इस पर काबू पाना होगा। इस विशेष व्याख्यान माला में बीएड के छात्र-छात्राओं के अलावे प्राध्यापक रामरतन पासवान, डा. बुद्ध प्रिय, रामेश्वर मिश्र सहित अन्य ने हिस्सा लिया। मंच संचालन डा. धनंजय धीरज व धन्यवाद ज्ञापन डा. संजीव कुमार पांडेय ने किया।