फरार स्वास्थ्यकर्मी पर प्राथमिकी दर्ज
जागरण संवाददाता, बोधगया (गया): बोधगया प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में कार्यरत कर्मी मुकेश कुमार सिंह पर बोधगया थाना में गत दिनों तत्कालीन चिकित्सा पदाधिकारी डा. बीके वर्मा द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। कर्मी श्री सिंह पर स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न मदों का 25 लाख से अधिक की राशि का फर्जी तरीके से गबन का आरोप है। फिलवक्त स्वास्थ्य कर्मी श्री सिंह फरार चल रहा है। क्योंकि श्री सिंह पर पूर्व में बोधगया थाना में वर्तमान चिकित्सा पदाधिकारी डा. उदय नारायण सिन्हा द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। श्री सिंह डा. वर्मा के प्रभारी काल में उनका फर्जी हस्ताक्षर कर बिल प्रस्तुत कर अन्य कर्मियों की सांठगांठ से उसे पारित कराया और उक्त राशि को अपने निजी खाते में स्थानांतरित करा लिया। जिसकी जांच प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा किया जा रहा है। बोधगया थानाध्यक्ष नरेश कुमार बताते हैं कि स्वास्थ्य कर्मी श्री सिंह के विरूद्ध थाना में कांड संख्या 79/18 मार्च 2014 दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि श्री सिंह इसी थाना के कांड संख्या 310/13 के आरोपी भी है। इस कांड में श्री सिंह फरार है। वहीं, विभागीय कार्रवाई की बात करें तो स्वास्थ्य विभाग के खेल ही निराले हैं। स्वास्थ्य कर्मी श्री सिंह पर बीते चार माह में विभागीय स्तर से कोई कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की गई। जबकि प्राथमिकी दर्ज होने के पश्चात से लगातार वे अपने कार्य व कार्यालय से अनुपस्थित रह रहे हैं। और इस बात की जानकारी प्रभारी द्वारा विभागीय अधिकारियों को दी गई है।