अल्लाह के सामने इंसान बराबर: अंसारी
जागरण संवाददाता, गया :
शहर के बीचोबीच गांधी मैदान में शनिवार की शाम शांति और भाईचारा के साथ देश-दुनिया में अमन के ख्याल से 'पीस कांफ्रेंस' का आयोजन किया गया। जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आए वक्ताओं ने अपनी-अपनी राय रखी। धार्मिक नेताओं ने कहा कि अल्लाह के सामने दुनिया का हर इंसान बराबर है। सिर्फ इंसान ही नहीं, जानवर, कीड़े मकोड़े तक के लिए अल्लाह एक समान सबों को देखता है। इस कांफ्रेंस में भारी संख्या में सभी धर्मो के मानने वाले लोग धर्मोपदेश सुनने के लिए उपस्थित हुए थे।
मुम्बई से आए मुख्य वक्ता सनाउल्लाह मदनी ने स्पष्ट किया कि अल्लाह अपने बंदों को अताअत और इबादत का हुक्म देता है। साथ ही साथ जनसेवा पर उन्होंने बल देते हुए कहा कि इसे हर हाल में पूरा करने की हिदायत भी दी जाती है। कोलकाता से आए इंजीनियर बरादत युसूफ खां ने कहा कि पैगम्बर ने सारी जिंदगी आन और शान के उन्नति और प्रगति के लिए दुआएं दी। मधुबनी से आए वक्ता फजलु उल्लाह अंसारी ने कहा कि इस्लाम और उसके पैगम्बर अमन के प्रचारक रहे हैं। बिना अमन के इस्लाम का तसव्वुर भी मुश्किल है। उन्होंने कहा कि अल्लाह जिसने सृष्टि का निर्माण किया है उसके सामने दुनिया के सभी इंसान बराबर हैं। दुबई से आए जरफल हसन नदवी ने अपने अध्यक्षीय भाषण में इस्लाम में महिला अधिकार विषय पर कहा कि महिला और पुरुष समान अधिकार के मालिक हैं। कुछ स्थानों से पुरुष से अधिक अधिकार महिलाओं को इस्लाम ने दिए हैं। जिसे जानने की जरूरत है।
इस अवसर पर दारूल अमान वेलफेयर सोसाइटी के सचिव मो. वसीम अहमद, डा. फरासत हुसैन, मासुम काजमी, प्रो. बदीउजमा, सरताज अली खां, फैयाज हाली, मो. इमानुल हक, मसउद मंजर, मोती करीमी, डा. क्यू एच खां, मंसूर अहमद, शकील अख्तर, अजमत हुसैन खां, तमीमुद्दीन हंबल आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर