बिहार : मोतिहारी में हुआ खूनी खेल, AK 47 से चार लोगों को भून डाला
मोतिहारी जिले के पकड़ीदयाल में अपराधियों ने घर में घुसकर AK 47 से अंधाधुंध फायरिंग की जिसमें चार लोगो की मौत हो गयी और तीन लोग गंभीर स्थिति में इलाजरत हैं।
मोतिहारी [जेएनएन]। जिले के पकड़ीदयाल थाने की सिरहा पंचायत के कटास गांव में शुक्रवार की देर शाम बाइक सवार 6 अपराधियों ने घर में घुसकर अत्याधुनिक हथियार से अंधाधुंध फायरिंग की और सात लोगों को भून डाला। इस गोलीबारी में दंपती समेत तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चे ने आज सुबह अस्पताल में दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को मोतिहारी स्थित रहमानिया नर्सिंग होम में भर्ती कराया। तीन लोगों का इलाज चल रहा है उनकी स्थिति भी गंभीर बनी हुई है।
यहां के निवासी सह पकड़ीदयाल मत्स्यजीवी सहयोग समिति के सचिव भिखारी सहनी, उनकी पत्नी चंपा देवी व पड़ोसी सह वार्ड सदस्य राजकिशोर सिंह कुशवाहा की मौत शुक्रवार को तत्काल हो गई थी। वहीं भिखारी के पौत्र आर्यन उर्फ मंटू (11) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया । नौकर सुदन मियां शामिल का इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी जितेंद्र राणा सहित कई थानों की पुलिस घटनास्थल पहुंची और आशंका जताई जा रही कि घटना में माओवादियों का हाथ हो सकता है। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। घटनास्थल से 9 एमएम और .315 बोर के कई खोखे बरामद हुए हैं।
पुलिस पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उनके पास से एक पिस्टल व एक बाइक भी बरामद की गई है। मरने वालों में एक भिखारी सहनी मत्स्य जीवी सहयोग समिति का प्रखंड अध्यक्ष भी था। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।ऐसे हुई घटना
शुक्रवार की शाम भिखारी सपरिवार अपने दरवाजे पर बैठे थे। इसी बीच बाइक पर सवार बदमाश आए और अंधघाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पांच लोग जख्मी हो गए। अस्पताल लाने के क्रम में भिखारी, उनकी पत्नी चंपा व पड़ोसी राजकिशोर ने दम तोड़ दिया। भिखारी के पौत्र ने शनिवार की अल सुबह दम तोड़ दिया।
पुरानी रंजिश घटना का कारण, ब्लास्ट फायर पर रहा वीपन
पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि भिखारी पहले नक्सली संगठन से जुड़े थे। उनकी अदावत कई लोगों से थी। गांव के राजेश सिंह हत्याकांड में भी उनका नाम आया था। ऐसे में यह संभावना व्यक्त की जा रही है कि पुरानी रंजिश में ही उनकी हत्या की गई है। बताया गया है कि बदमाशों ने घटना को अंजाम देते वक्त अत्याधुनिक हथियार को ब्लास्ट फायर पर लगा दिया था।
पुलिस ने पाँच लोगों को हिरासत में लिया
चार लोगों की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने तीन नए लोगों को पकड़ा है। शुक्रवार की रात पकड़े गए बाइक सवार दो हथियारबंद युवकों को मिलाकर हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या अब पाँच हो गई है। पुलिस सभी से सघन पूछताछ कर रही है।
कहा एसपी ने
मामले में पाँच लोग पकड़े गए हैं। पूछताछ चल रही है। जल्द ही सारी बातें साफ़ हो जाएँगी।
जितेन्द्र राणा. पुलिस अधीक्षक, मोतिहारी
चुनावी रंजिश भी हो सकता है सामूहिक हत्या का कारण
पकड़ीदयाल की सिरहा पंचायत के कटास गांव में शुक्रवार की देर शाम तीन की गोली मार कर हत्या के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। किसी से भी कुछ बताने से लोग कतरा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हो सकता है आपसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया हो। वहीं कुछ लोग इस घटना के पीछे चुनावी रंजिश भी मान रहे हैं।
मोतिहारी एसपी जितेंद्र राणा ने बताया कि भिखारी सहनी नक्सली गतिविधि में शामिल था। वह हत्या सहित कई मामलों में संलिप्त था। हालांकि मामले की जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा। घटनास्थल से 9एमएम व 315 बोर के कई खोखे बरामद हुए हैं।