तीसरी शादी की हसरत रह गई अधूरी, बंधक बना दूल्हा
मेहसी, संसह : उस युवक के लिए तीसरी शादी महज एक सपना बनकर रह गया। उसके पूर्व में विवाहित होने का भंडा
मेहसी, संसह : उस युवक के लिए तीसरी शादी महज एक सपना बनकर रह गया। उसके पूर्व में विवाहित होने का भंडाफोड़ होने के बाद स्थिति इस कदर बिगड़ी की उसके बचाव को लेकर पुलिस प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा और काफी मान मनौबल के बाद विवाद समझौते पर आकर समाप्त हुआ। पुलिस प्रशासन व समाज के संयुक्त पहल के बाद फिलवक्त युवक एवं उसके परिवार के लोग कानूनी दांवपेंच से बरी हो गए, वहीं एक मासूम की जिन्दगी भी तबाह होने से बच गई। घटना रविवार के रात्रि की है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना स्थित रतनौली गांव से बरात आई। लड़की वालों ने बारात का स्वागत किया। वर था मो. शाहिद। अभी निकाह की रस्म पूरा होना बाकी था। इसी बीच मनियारी गांव रतनौली निवासी उसकी पहली पत्नी खिलकत परवीन उर्फ सनम अपनी मां आमना खातून व पिता मो.नुरुल के साथ लड़की के यहां पहुंच कर शाहिद की हकीकत का पर्दाफाश कर दिया। लड़की वाले को गफलत में रखकर तीसरी शादी के लिए बारात लेकर आने का भंडाफोड़ होते ही स्थिति असामान्य हो गई। लड़की पक्ष ने बारातियों को विदा कर दिया एवं लड़का व उसके परिवारवाले को बंधक बना लिया। इसी बीच इस घटना की सूचना एसपी को दी गई। एसपी के निर्देश पर डीएसपी चकिया मुन्द्रिका प्रसाद के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंचे इंस्पेक्टर आरपी पांडेय, मेहसी प्रभारी थानाध्यक्ष एन राम, चकिया इंस्पेक्टर एसएस झा, पिपरा थानाध्यक्ष शशिभूषण प्रसाद ने मध्यस्थता कर विवाद निपटाया। समाचार लिखे जाने तक उसके पिता व अन्य परिजनों को पुलिस अभिरक्षा में मेहसी रखा गया है। बताया गया है कि समझौता की रकम अदायगी के साथ उन्हें मुक्त कर दिया जाएगा।