लाठी व पिस्तौल वाले हाथों में होंगे माउस
मोतिहारी संसह : जिले के सभी पुलिस अधिकारी व जवान अब लाठी व पिस्तौल के साथ साथ माउस से खेलेंगे। अब माउस के साथ नाचेंगी टिंगर दबाने वाली उंगलिया। नव पदस्थापित पुलिस अधीक्षक ने हाइटेक व्यवस्था से जोड़ने की योजना बनाई है। अब थानों में लैपटॉप या कंप्यूटर होंगे जिसमें अपराधियों के डाटा के साथ साथ एफआईआर भी दर्ज होंगे। थाना में कंप्यूटर लगाकर थानाध्यक्ष व जवानों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसको लेकर अधिकारी व जवानों को प्रशिक्षित करने की कवायद तेज कर दी गई है। साथ ही साथ थानों में अब प्रिंटर भी उपलब्ध कराया जाएगा। समय-समय पर पुलिस अधिकारियों व जवानों को प्रशिक्षण देकर योग्य बनाया गया है। परंतु अब सभी अधिकारी व जवान हाईटेक व्यवस्था से लैंस होंगे।
पूर्व में भी थाने में लग चुके हैं कंप्यूटर
जिले के नगर व रक्सौल थाना में कंप्यूटर लगाए गए हैं। वहीं जिले के चकिया, घोड़ाहसन, चिरेया, ढाका, डुमरियाघाट, गोविंदगंज, हरपुर, हरसिद्धि, जीतना, झरोखर, कल्याणपुर, केसरिया, कोटवा कुण्डवाचैनपुर, मधुबन, मलाही, मेहसी, मुफस्सिल, नकरदेई, पहाड़पुर, पकड़ीदयाल, पलनवा, पताही, फेनहारा, पिपराकोठी, पीपरा, राजेपुर, रामगढ़वा, संग्रामपुर, सुगौली, तुरकौलिया व अजा थाना में कंप्यूटर लगाने की योजना है।
हाईटेक व्यवस्था से दबोचे जाएंगे अपराधी
पुलिस को हाईटेक प्रणाली से जोड़कर दूसरे शहर में रह रहे अपराधियों को दबोच लिया जाएगा। इनटरनेट के जरिए देश के लगभग सभी थानों से जुड़ा होगा। जिससे पुलिस विभाग में सूचनाओं का अदान-प्रदान होगा तथा पुराने रेकार्ड को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगा।
- पुलिस अधिकारियों की बैठक में थानाध्यक्षों को लैपटॉप व कंप्यूटर लगाने का निर्देश जारी कर दिया गया है।
सुधीर कुमार सिंह
एसपी, मोतिहारी