डैडी ने मां व भाई को जिंदा जला दिया
मोतिहारी, संसह : मां व भाई को डैडी ने आग लगाकर जला दिया। यह आरोप सात वर्षीय पुत्री खुशबू का है। जो सदर अस्पताल में जीवन और मौत से संघर्ष कर रही है। खुशबू की स्थिति में अब सुधार हो रहा है। बताते चलें कि मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के हिम्मतपट्टी गांव में संपत्ति विवाद को लेकर खुशबू के पिता ने ही अपनी पत्नी इंदू देवी, पुत्र व पुत्री को घर में बंद कर आग लगा दिया। यह कहते हुए खुशबू रो पड़ती है। इस मामले में साहेबगंज की पुलिस ने एक आरोपी खुशबू की बड़ी मां गुड़िया देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसकी पुष्टि साहेबगंज के थानाध्यक्ष नीरज कुमार यादव ने की है। खुशबू की नानी शांति देवी व मामी सदर अस्पताल में मौजूद है। वहीं इंदू के शव को मोतिहारी में ही जलाने की बात कही जा रही है। बता दें कि सुधीर सिंह ने पत्नी इंदू देवी, चार वर्षीय पुत्र वंटेश्वर कुमार व सात वर्षीय पुत्री खुशबू को जिंदा जला दिया था। जिसमें मां व भाई की मौत हो गई व खुशबू बच गई। पुलिस सुधीर की तलाश कर रही है। पुलिस इंस्पेक्टर सुधाकर कुमार ने स्वयं मंगलवार को थाने पहुंच कर मामले की छानबीन की। साथ ही थानाध्यक्ष को अग्रतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।