जच्चा-बच्चा की मौत, अस्पताल में तोड़फोड़
मोतिहारी, संस : बंजरिया थाना क्षेत्र के झखिया गांव निवासी हरेंद्र साह की पत्नी रमावती देवी व नवजात की शुक्रवार की रात मौत हो गई। मौत से नाराज परिजनों ने अस्पताल में जमकर बवाल काटा। आपातकक्ष व अन्य वार्डो में तोड़फोड़ की। चिकित्सक व कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया। बताते हैं कि प्रसव पीड़ा से तड़प रही रमावती को लेकर परिजन दोपहर में सदर अस्पताल पहुंचे। भर्ती करने के बाद उसकी चिकित्सा शुरू हुई। चिकित्सकों की लापरवाही से रात में दोनों की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, 18 वर्ष रमावती की शादी हुई थी। उसकी तीन पुत्रियां हैं। अस्पताल में उसने चौथी पुत्री को जन्म दिया। जन्म के कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। फिर मां ने भी दम तोड़ दिया। हंगामा की सूचना पाकर सदर एसडीओ, नगर इंस्पेक्टर, मेजर व अन्य थाने की पुलिस पहुंची। सदर अस्पताल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। पति व मृतका की बड़ी बहन कलावती देवी ने आरोप लगाया कि चिकित्सकों की लापरवाही से मौत हुई है। एसडीओ ज्ञानेंद्र कुमार आक्रोशित परिजनों को समझाने में जुटे रहे।