बाइक के लिए विवाहिता को घर से निकाला
बगहा (प.च.), संवाद सहयोगी : पुलिस जिले के भितहां थाना क्षेत्र स्थित बलुअही गांव निवासी प्रमोद यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने महिला थाने में दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता ने पति समेत ससुराल पक्ष के आधा दर्जन लोगों को नामजद किया है। महिला ने अपने आवेदन के संबोधन में कहा है कि उसकी शादी छह वर्ष पहले धनहा थाना के तुनीअहवा गांव निवासी प्रमोद यादव के साथ हुई। ढ़ाई वर्ष के बाद गवना हुआ और जब वह ससुराल गई तो ससुरालियों द्वारा दहेज के लिए उसे तंग किया जाने लगा। पीड़िता पर बाइक के लिए दबाव बनाया जाने लगा। उसने इससे इंकार किया तो ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित करने लगे। बाद में मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। पीड़िता ने पति प्रमोद यादव, लालपहाड़ी यादव, प्रभु यादव, प्रभावती देवी आदि पर मारपीट का आरोप भी लगाया है। थानाध्यक्ष आरके गौतम ने बताया कि महिला के बयान पर कांड दर्ज किया गया है। भितहां पुलिस से जांच प्रतिवेदन मांगा गया है। आरोप सत्य पाया गया तो फिर आगे की कार्रवाई होगी।