सड़कों पर चढ़ा बाढ़ का पानी, कई गांवों का सड़क संपर्क भंग
कोशी नदी में आई बाढ़ से किरतपुर प्रखंड के कई गांवों का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क भंग हो गया है। प्रखंड के कई गांव चारो तरफ से बाढ़ के पानी से घिर गए हैं।
दरभंगा। कोशी नदी में आई बाढ़ से किरतपुर प्रखंड के कई गांवों का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क भंग हो गया है। प्रखंड के कई गांव चारो तरफ से बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। बताया जाता है कि अमृतनगर, पकरिया, सिरनिया, डाका, बलुआहा, लक्ष्मीनिया, भंडरिया, कदवारा, रघुनाथपुर, चकला, वर्दीपुर, लक्ष्मीपुर, कतोरवा गांव का सड़क संपर्क भंग हो गया है। नदी के जलस्तर और बढ़ने की आशंका से गांव के लोग डरे हुए हैं। इन गांवों को जानेवाली अधिकांश सड़कों पर बाढ़ का पानी चढ़ गया है। ग्रामीणों ने बताया कि प्रशासन की ओर से प्रभावित गांव में नाव की पूरी व्यवस्था नहीं की गई है। बाढ़ से धान, मक्का, अरहर, केला व मौसमी सब्जी की खेती पूरी तरह से प्रभावित हुई है। बाढ़ प्रभावित गांव के लोग नाव से आवाजाही कर रहे हैं। इधर, किरतपुर के प्रमुख इनामुल हक ने तटबंध का निरीक्षण करने के बाद कहा कि नदी में इतना पानी रहने के बाद भी बांध पर एक भी इंजीनियर नहीं हैं। किरतपुर के सीओ अमरेन्द्र कुमार ¨सह ने बताया कि पानी घटना शुरू हो गया है। कल तक स्थिति समान्य हो जाएगी। उन्होंने कहा कि बांध पर इंजीनियर तथा होमगार्ड के जवान निगरानी कर रहे हैं। बांध पूरी तरह सुरक्षित है।