रियल एस्टेट से संबंधित मामले में भाजपा सांसद मनोज तिवारी पर परिवाद दायर
दरभंगा में मनोज तिवारी के खिलाफ एक व्यक्ति ने नालिसी दर्ज करवाया है। मामला रियल एस्टेट से जुड़ा हुआ है।
दरभंगा [जेएनएन]। भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद मनोज तिवारी के खिलाफ मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विद्यासागर पांडेय की अदालत में मुन्ना तिवारी नाम के एक व्यक्ति ने नालिसी दायर की है। इसमें मनोज तिवारी सहित दो और लोगों का नाम भी दिया गया है।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विद्यासागर पांडेय की अदालत में रियल एस्टेट कंपनी वास्तु विहार के एक खरीददार मुन्ना चौधरी ने यह नालिसी दर्ज कराया है। वास्तु विहार में ससमय फ्लैट नहीं देने एवं पैसा वापस मांगने पर आना कानी करने से नाराज़ परिवादी मुन्ना चौधरी ने यह मुकदमा भारतीय दंड विधान की धारा 120 बी, 420, 406, 467, 468, 471 के तहत दर्ज कराया है।
शिकायतकर्ता मुन्ना चौधरी ने बताया कि मैंने 2013 के मार्च में अपार्टमेंट बुक करवाया था, जिसे बारह महीने के बाद देना था। लेकिन कम्पनी ने आठ लाख रुपया लेने के बाद आज तक कोई अपार्टमेंट नहीं दिया। ऊपर से पैसा वापस मांगने पर भी आना कानी कम्पनी के द्वारा किया जा रहा है।