आज शुरू होगा राजद का सदस्यता अभियान
दरभंगा। एक दशक बाद सूबे की सत्ता में वापसी के बाद राजद के संगठनात्मक चुनाव का क्रेज बढ़ गया है। इ
दरभंगा। एक दशक बाद सूबे की सत्ता में वापसी के बाद राजद के संगठनात्मक चुनाव का क्रेज बढ़ गया है। इस बार जिले के दो लाख लोगों को सदस्य बनाने के महाअभियान का आगाज जिले और महानगर में पूर्व केंद्रीय मंत्री मो. अली अशरफ फातमी बुधवार को करेंगे। जिले का अभियान ख्वाजासराय के पार्टी कार्यालय और महानगर का नगर थाना के पास सुशीला विवाह भवन में होगा। इसके बाद ही 27 दिसंबर को जिला व महानगर अध्यक्ष का चुनाव होगा। जिला राजद प्रवक्ता राशिद जमाल ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने जिले को दो लाख लोगों को पार्टी से जोडऩे का लक्ष्य दिया है। इसकी पूर्ति के बाद जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष का चुनाव होगा। महानगर अध्यक्ष विकास कुमार प्रफुल्ल ने बताया कि शहर के 48 वार्डों में राजद के संगठन विस्तार को नया आयाम देने के लिए इस बार सदस्यता मुहिम नये तेवर से चलायी जाएगी। इधर राजद सूत्रों ने बताया कि सदस्यता अभियान के बहाने जिला को महानगर में कई नये चेहरे अध्यक्ष के दावेदार के रूप में उभरने वाले हैं। ज्ञात हो कि जिले में राजद का संगठन अब तक पूर्व मंत्री श्री फातमी के सहारे ही चलता रहा है। वित्त मंत्री अब्दुल बारी सिद्दिकी का जिले में दबदबा अवश्य है लेकिन उन्होंने खुलकर कभी राजद संगठन में दखल नहीं दिया। ललित कुमार यादव अपने क्षेत्र से कभी बाहर निकले ही नहीं। भोला यादव ने तो अपना चुनाव भी फातमी के सहारे ही लड़ा था। तो स्वभाविक है कि इस बार भी संगठन के पदाधिकारी उनकी सहमति से ही चुने जाएंगे।
-----------------