माले का धरना-प्रदर्शन पांचवें दिन भी जारी
दरभंगा। माले कार्यकर्ताओं का ग्यारह सूत्री मांगों को लेकर बहादुरपुर प्रखंड मुख्यालय पर अनिशचितकालीन
दरभंगा। माले कार्यकर्ताओं का ग्यारह सूत्री मांगों को लेकर बहादुरपुर प्रखंड मुख्यालय पर अनिशचितकालीन धरना पांचवें दिन भी जारी रहा। धरना को सही बताते हुए माले जिला सचिव बैधनाथ यादव ने कहा कि पांच दिन से किसान अपनी मांग को लेकर प्रखंड मुख्यालय पर धरना दे रहे हैं। लेकिन, कोई भी पदाधिकारी इनकी समस्या का निदान नहीं कर रहा है। फसल क्षति मुआवजा वितरण में बड़े पैमाने पर लूट हुई है। इसकी जांच के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। राशन- किराशन में बड़े पैमाने पर अनियमितता बरती जा रही है। प्रशासन मौन धारण किए हुए है। क्षेत्र में कम बर्षा होने से सुखाड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। परंतु अभी तक जिला प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। किसान अपनी फसल बचाने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। इधर, माले के धरना-प्रदर्शन जारी रखने पर सीओ इन्द्राशन साह और बीडीओ अविनाश कुमार ने नाराजगी प्रकट की है। इन दोनों पदाधिकारीयों ने कहा कि धरना के दूसरे ही दिन इन लोगों के शिष्टमंडल से वार्ता की गई। इन्हें आश्वासन भी दिया गया कि तय समय सीमा के अंदर सभी मांगों को नियम संगत निदान करने का प्रयास किया जाएगा। विन्दुवार जिस विभाग से संबधित मामला था। तिथि का निर्धारण कर जांच भी शुरू कर दी गई। फिर भी धरना-प्रर्दशन करना सही नहीं है। दबाव की राजनीति नहीं चलेगी। इनके धरना-प्रदर्शन से प्रखंड और अंचल का कार्य बाधित हो रहा है। इन लोगों को समझना होगा कि प्रखंड व अंचल के पदाधिकारियों की अपनी सीमाएं है। फिर भी प्रखंड व अंचल के पदाधिकारी इनकी मांगों के प्रति गंभीर है। जब काम ही नहीं होगा तो कारवाई कैसे होगी। अंचल सूत्रों की माने तो मांग पत्र में सिमरा नेहालपुर के डीलर पर जो आरोप लगाया गया है वह जांच में राजनीति से प्रेरित बताया जा रहा है। इससे दोनों पदाधिकारी काफी नाराज बताए जा रहे हैं।