अधिकारों का जनहित में उपयोग करें
अलीनगर, संस : विधान पार्षद मिश्री लाल यादव ने कहा कि पंचायती राज्य व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों को ब
अलीनगर, संस : विधान पार्षद मिश्री लाल यादव ने कहा कि पंचायती राज्य व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों को बहुत अधिकार है। इन्हें प्रभावी रूप से इसका उपयोग जनहित में करना चाहिए। वे गुरुवार को प्रखंड कार्यालय के सभागार में प्रखंड सतर्कता पीडीएस समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सदस्यों से लेकर डीलरों तक की शिकायत सुनने के बाद कहा कि जन वितरण प्रणाली में गड़बड़ी असाध्य रोग की तरह है।
किन्तु अधिकारी से लेकर जनप्रतिनिधि अगर ईमानदारी के साथ चाहें तो उसे दूर किया जा सकता है। डीलर अयाज अहमद ने कहा कि गोदाम से 50 किलो ग्राम अनाज की जगह 40 किलो ग्राम अनाज ही मिलता है। केरोसीन भी सही वजन में नहीं मिलता है। ऐसी परिस्थिति में डीलर क्या करें। इस पर विधान पार्षद ने बैठक में मौजूद प्रभारी एमओ सह सीओ शशि रंजन प्रसाद को गंभीर होने की नसीहत दी।
उन्होंने राज्यभर में एमओ व एसआई के रिक्त पदों को जल्द भरने के लिए विधान परिषद में जोरदार तरीके से आवाज उठाने का विश्वास दिलाया। जनप्रतिनिधियों को जन वितरण प्रणाली की व्यवस्था पर ध्यान रखने की नसीहत दी। बैठक की अध्यक्षता सतर्कता समिति सह बीस सूत्री अध्यक्ष मो.सिराजउद्दीन कर रहे थे। प्रभारी एमओ सह सीओ शशिरंजन प्रसाद यादव, बीडीओ पवन कुमार ठाकुर, उप प्रमुख सिकंदर मुखिया, समिति के सदस्य रामभजन पासवान, परवेज आलम, दयाराम सहनी, महेश ठाकुर, रामलखन यादव, मुखिया मोकित नवाज, अनिल झा, दया शंकर झा, पंसस बबीता देवी, पवितर पासवान सहित अन्य बैठक में मौजूद थे।