बसेरा अभियान पर गंभीर हों अफसर : डीएम
जागरण संवाददाता, दरभंगा : जिलाधिकारी कुमार रवि ने भूमि दखल व बसेरा अभियान को लेकर गंभीर होने की नसीह
जागरण संवाददाता, दरभंगा : जिलाधिकारी कुमार रवि ने भूमि दखल व बसेरा अभियान को लेकर गंभीर होने की नसीहत संबंधित पदाधिकारियों को दी है।
शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित प्रशिक्षण की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने दोनों अभियान की जानकारी दी। डीएम ने कहा कि वास्तविक पर्चाधारियों को जमीन उपलब्ध कराया जाना है। हर हाल में शिविर के माध्यम से बेदखली की सूची 31 दिसंबर तक प्राप्त कर अपलोड करना है। एक सप्ताह के अंदर 80 प्रतिशत डाटा का अपलोड किए जाने का लक्ष्य दिया गया। इसके लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। कोताही बरतने वाले अंचलाधिकारियों व कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यहां तक कि खराब प्रदर्शन करने वालों को बर्खास्त भी किया जा सकता है।
बसेरा अभियान की चर्चा करते हुए बताया गया कि महादलित परिवारों को तीन डिसमल जमीन उपलब्ध कराई जानी है। इसके लिए 10 लाख रुपये उपलब्ध हैं। दाखिलखारिज का विशेष कैंप हर मंगलवार को लगाना है। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने की सलाह दी गई।
बसेरा अभियान के तहत अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग व अतिपिछड़ा वर्ग का भी सर्वेक्षण किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत गरीबों को तीन डिसिमल जमीन दी जाती है। इसे बढ़ाकर पांच डिसमल देने की तैयारी की जा रही है। इस कार्य के लिए राशि विमुक्त की जा चुकी है। प्रशिक्षण में अपर समाहर्ता दिनेश कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचलाधिकारी, कर्मचारी, सीआई समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।