अब किसानों के बैंक खाते में दी जाएगी राशि
दरभंगा, संस : अब पैक्स अध्यक्षों द्वारा किसानों से की गई धान अधिप्राप्ति की राशि का भुगतान सीधे किसा
दरभंगा, संस : अब पैक्स अध्यक्षों द्वारा किसानों से की गई धान अधिप्राप्ति की राशि का भुगतान सीधे किसानों के बैंक खाते में की जाएगी। यह जानकारी बुधवार को लहेरियासराय स्थित व्यापार मंडल कार्यालय में बहादुरपुर प्रखंड क्षेत्र के नव निर्वाचित पैक्स अध्यक्षों के साथ आयोजित बैठक में डीसीओ आरएन पांडेय ने दी। उन्होंने बताया कि 2014-15 में धान अधिप्राप्ति पैक्सों व व्यापार मंडल द्वारा की जानी है। केंद्र सरकार धान का समर्थन मूल्य 1360 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित की है। जिस पर राज्य सरकार प्रति क्विंटल तीन सौ रुपये बोनस के रूप में देगी। इस प्रकार किसानों को प्रति क्विंटल 1660 रुपये का भुगतान किया जाएगा। पैक्स अध्यक्षों को अधिप्राप्ति से संबंधित विवरणी पत्र की भी उपलब्ध कराया गया। इसी पत्र में किसानों के नाम, कितने एकड़ में की गयी धान की खेती, कृषक के पास अधिप्राप्ति योग्य कुल संभावित धान की मात्रा, कृषक के बैंक का खाता नंबर, बैंक के शाखा का नाम और बैंक का आईएफएस कोड भी उपलब्ध कराना होगा। इस विवरण पत्र को 29 नवंबर तक जिले के सभी पैक्स अध्यक्षों को डीसीओ कार्यालय में जमा कराना अनिवार्य है। पैक्स अध्यक्ष अधिप्राप्ति धान को सीधे एसएफसी को दे सकते है या उसका चावल तैयार कर भी दे सकते हैं। बैठक में पैक्स अध्यक्षों ने धान अधिप्राप्ति के लिए बोरा उपलब्ध कराने की बात कही। डीसीओ श्री पांडेय ने एक सप्ताह के अंदर सभी पैक्सों में बोरा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। बैठक में श्याम भारती, संजीव कुमार झा, मनोज कुमार मिश्र, रंजीत सिंह, विजय यादव आदि मौजूद थे।