मिठाई दुकानों पर ताबड़तोड़ छापा, दुकानदारों में हड़कंप
दरभंगा सदर, संस : त्योहारी मौसम में मिठाइयों की बंपर बिक्री के मद्देनजर मिलावट की संभावनों के चलते स
दरभंगा सदर, संस : त्योहारी मौसम में मिठाइयों की बंपर बिक्री के मद्देनजर मिलावट की संभावनों के चलते स्वास्थ्य विभाग की उच्चस्तरीय छापामार दस्ते ने सोमवार को ताबड़तोड़ डेढ़ दर्जन प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा की संयुक्त टीम की एक साथ कार्रवाई के चलते कारोबारियों में हड़कंप में मचा रहा। शहर के लहेरियासराय, दोनार, कटहलबाड़ी, कादिराबाद समेत 18 इलाकों में दुकानों की छानबीन हुई। उनमें से 9 विभिन्न प्रतिष्ठानों में मिलावटी संदेह के चलते मिठाइयों के नमूने लिए गए। इनमें कई नामी-गिरामी प्रतिष्ठान भी शामिल हैं। दरभंगा प्रमंडल के खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार ने इसकी पुष्टि की। कहा कि नमूने संग्रह कर जांच के लिए भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि टीम की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इसमें कोई दो राय नहीं कि बड़े पैमाने पर मिलावट का गोरखधंधा चल रहा है।
बताया जाता है कि जांच के दौरान लहेरियासराय क्षेत्र में मानसरोवर स्वीट्स नामक दुकान से तीन प्रकार के नमूने लिए गए। इसमें घी, सरसों तेल, काजू बर्फी में मिलावट की जांच की जाएगी। वहीं श्रीराज खोआ भंडार से रेडिमेड बुंदिया का मशाला, कच्चा खोआ, लड्डू मशाला तथा नाका नं. 5 स्थित राजू पेड़ा भंडार, सुधा स्वीट्स दुकानों से भी नमूना संग्रह किया गया। दरभंगा टावर चौक स्थित राधे राधे मिठाई घर, सरस्वती मिष्ठान भंडार से नमूना लिया गया। वहीं आजमनगर स्थित रंजीत मिठाई भंडार की भी जांच की गई। छापामार दस्ते में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार के अलावा मुजफ्फरपुर प्रमंडल के राजेश कुमार व सहरसा कोशी प्रमंडल के अर्जुन प्रसाद शामिल थे। किसी भी प्रतिष्ठान पर लाइसेंस टंगा नहीं मिला। दुकानदारों को चेतावनी देकर छोड़ा गया।