सड़क के लिए 'सड़क' पर हुई धान रोपनी
बेनीपुर, संस : क्षेत्र के पोहदी गाव में 6 वर्षों से जलजमाव को दूर करने में प्रशासनिक नाकामी से आक्रोशित लोगों ने गुरुवार को अनोखा रास्ता अपनाया। पोहदी पोस्टऑफिस के नजदीक से हरेराम ठाकुर के घर तक मुख्य पथ पर धान रोपनी की गई। ग्रामीण प्रेम कुमार झा, अनिल कुमार झा, प्रभाकर झा, रामू मिश्र, मुरारी झा, उदयचंद्र झा, सुधीर झा, गंगा झा ने कहा कि पदाधिकारी और नेता कोई इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। स्थानीय विधायक गोपालजी ठाकुर भी कुछ न कर सके। नए सिरे से सड़क का निर्माण न भी संभव हो तो कम से कम मरम्मत का काम तो किया ही जा सकता है। ताकि लोगों को परेशानी से थोड़ी भी राहत मिल जाती। गांव वालों ने मुखिया के प्रति भी गहरी नाराजगी जतायी। उनका कहना था मुखिया अपने घर के चारों ओर पीसीसी सड़क का निर्माण करा लिये हैं, लेकिन इस सड़क की उन्हें तनिक भी सुध नहीं है। मुखिया आरती देवी ने कहा कि वे इस पथ का पुनर्निमाण के लिए वह काफी गंभीर हैं। प्रयास जारी है। ग्रामीणों ने कहा कि धान रोपनी के बाद भी हुक्मरानों की नींद न खुली तो निर्णायक आंदोलन किया जाएगा।