आपका प्यार सिर आंखों पर : नमो
जासं, दरभंगा : भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी गुरुवार को निर्धारित समय 3.30 बजे से तकरीबन दो घंटे विलंब शाम 5.28 से सभास्थल पहुंचे। चिलचिलाती धूप के बावजूद लोगों का हुजूम बढ़ता ही गया। मंच पर पहुंचते ही दर्शकों ने हर हर मोदी, घर घर मोदी के गगनभेदी नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इससे प्रसन्न होकर उन्होंने भी इसका जवाब हाथ हिलाते हुए आपका प्यार मेरे सिर आंखों पर व आपके प्यार को सौ-सौ सलाम के साथ दिया। उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि बिहार की जनता ने उन्हें बेपनाह प्यार दिया है। इस प्यार को वे सेवा कर विकास के साथ लौटाएंगे।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी के नाम लिए बिना कहा कि अब तक हुए चुनाव के बाद मा-बेटे की भाषा बदल गई है। ये लोग गाली गलौज पर उतर आए हैं। दोनों का बॉडी लैंगुएज बदल गया है।
यूपीए सरकार को धोखेबाज सरकार की संज्ञा देते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार पहले आती है। हाथ जोड़ती है। फिर हाथ हिलाती है। और मौका मिलते ही हाथ की सफाई कर देती है। इससे सावधान रहने की जरूरत है।
नौजवानों से मोदी ने की प्रार्थना : मोदी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की 18 से 28 वर्ष आयु उनके जीवन का महत्वपूर्ण समय होता है। मुझे आपकी जिंदगी की चिंता है। इसके लिए दिल्ली में काम करने वाली मजबूत सरकार की आवश्यकता है। इसके लिए आप अपना महत्वपूर्ण वोट भाजपा व उसके गठबंधन को दीजिए।