राजपुर पीएचसी में टीबी का इलाज बंद
बक्सर। प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में सभी तरह की व्यवस्थाएं तो कर दी गई। लेकिन टीबी की जांच बंद हो गई।
बक्सर। प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में सभी तरह की व्यवस्थाएं तो कर दी गई। लेकिन, विगत दो महीने से टीबी के मरीजों का इलाज राजपुर में नहीं किया जा रहा है। जिससे यहां के रोगियों को बक्सर सदर अस्पताल और चौसा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का सहारा लेना पड़ रहा है।
इलाज के लिए अस्पताल पहुंची रौनी की राम आनंदी देवी ने बताया कि कई बार से आकर चले जा रहे हैं। लेकिन, किसी प्रकार का इलाज हमें नहीं दिया जा रहा है। इसी रोग से पीड़ित उषा देवी, सुनैना देवी ने बताया कि हमें दवा लेने के लिए चौसा या बक्सर जाना पड़ता है। वह भी किसी आशा के साथ तभी दवा मिलता है। अन्यथा नहीं मिलता है। जिससे काफी परेशानी होती है। इस संबंध में पूछे जाने पर प्रभारी चिकित्सा प्रभारी डॉ.अशोक कुमार ने बताया कि विगत चार महीने से लैब टेक्निशियन बलदेव नारायण पाटल का तबादला हो जाने से इसका पद रिक्त हो गया है। जिससे यहां जांच नहीं की जा रही है। इसकी लिखित जानकारी जिला यक्ष्मा पदाधिकारी को दे दी गई है। लेकिन, इनके द्वारा कोई व्यवस्था नहीं की गई है। पूर्व बीडीसी राधेश्याम चौहान और मनोज त्रिगुण ने बताया इतने बड़े प्रखंड में तपेदिक रोगियों का इलाज नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।