हंकारपुर नाला पुल ध्वस्त, हादसे की आशंका
जिला मुख्यालय को रोहतास और कैमूर जिला को जोड़ने वाला मुख्य पथ पर हंकारपुर स्थित नाले पर बना पुल इन दिनों जानलेवा बना हुआ है।
बक्सर। जिला मुख्यालय को रोहतास और कैमूर जिला को जोड़ने वाला मुख्य पथ पर हंकारपुर स्थित नाले पर बना पुल इन दिनों जानलेवा बना हुआ है। ज्ञात हो कि इस पथ की लंबाई ईसापुर से परसथुआ राष्ट्रीय राजमार्ग तक लगभग 40 किमी है। इस पथ में कई छोटी-छोटी पुलिया भी हैं। सबसे अधिक खतरनाक हंकारपुर नाले पर बना पुल है, जो पूरी तरह मिट्टी से अलग हो गया है। यहां कभी भी हादसा हो सकता है। इसके लिए ग्रामीणों द्वारा कई बार अधिकारियों को सूचित भी किया गया है। लेकिन, इसकी मरम्मती की बात तो दूर अधिकारियों द्वारा खतरे के मद्देनजर बोर्ड लगाना भी उचित नहीं समझा गया।
जबकि, ईंटवा, खीरी राजवाहा, बघिनी राजवाहा तथा खीरी धर्मावती नदी पर बना पुल खतरनाक हो गया है। आलम यह है कि ईंटवा पुलिया ध्वस्त हो जाने के चलते इसके किनारे से होकर गाड़िया जाती हैं। नतीजतन, आए दिन कोई न कोई छोटा वाहन फंस जाता है। अन्य पुलों की हालत भी काफी जर्जर है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर तत्काल इस पुल की मरम्मती नहीं कराई गई तो पुल का अस्तित्व खत्म हो जाएगा। जिसके बाद कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से खत्म हो जाएगा। इस संबंध में भाजपा नेता विजेन्द्र कुमार चौबे, जिला पार्षद प्रतिनिधि सत्येन्द्र चौबे, खीरी मुखिया प्रतिनिधि धमेन्द्र ¨सह ने बताया कि इस रास्ते से अक्सर जिला मुख्यालय जाना होता है। इस दौरान पुल पर जाने के दौरान हादसे की आशंका से लोग ग्रसित रहते हैं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को ध्यान आकृष्ट कराते हुए अविलंब पुल की मरम्मत कराने की मांग की है।