सोलर लाइट घोटाले का आरोपी मुखिया धराया
ब्रह्मापुर/चक्की (बक्सर) : सोलर लाइट घोटाला मामले में पुलिस प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
ब्रह्मापुर/चक्की (बक्सर) : सोलर लाइट घोटाला मामले में पुलिस प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ब्रह्मापुर और चक्की पुलिस ने सोमवार की देर रात संयुक्त छापामारी अभियान चला पूर्व घोटालेबाज मुखिया को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की, जो कि जिले में सोलर लाइट मामले में पहली गिरफ्तारी है। गिरफ्तार मुखिया स्थानीय थाना क्षेत्र के जवही पंचायत के मुखिया रह चुके हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय थानाध्यक्ष गोरख राम व चक्की ओपी प्रभारी हृदयानंद पासवान के नेतृत्व में पुलिस बल ने जवहीं दियर में सोमवार की रात दो अभियुक्तों पूर्व मुखिया अक्षय लाल यादव और दुर्गा राइस मिल संचालक लक्ष्मण प्रसाद की गिरफ्तारी के लिए अपना जाल बिछाया। जिसमें मिलर तो नहीं पकड़ में आया। लेकिन, 19 लाख 44 हजार रूपये के सोलर लाइट घोटालाबाज मुखिया अक्षय यादव आसानी से फंस गया। दो थाने की संयुक्त पुलिस ने कड़ी दबिश देकर घोटालेबाज मुखिया को उसके घर से ही सोये अवस्था में दबोचने में सफल रही। ज्ञात हो कि सोलर लाइट मामले में जिले के अधिकतर मुखिया अपना अंतरिम राहत हाइकोर्ट से ले चुके हैं। लेकिन ये माननीय बिना न्यायालय की शरण में गये खुलेआम घूम रहे थे। जबकि, इनके खिलाफ विगत कई माह से गिरफ्तारी वारंट जारी था। लेकिन, इनके कार्यप्रणाली से यहीं लग रहा है कि कानून का भय इनको नहीं था। गिरफ्तार मुखिया को थाने ला पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया को पूरी कर जेल भेज दिया। सोलर लाईट मामले में जिला में किसी पूर्व मुखिया की गिरफ्तारी की बात सुन अन्य पूर्व व वर्तमान मुखियों में हड़कंप की स्थिति व्याप्त है। अब देखना यह है कि इनकी गिरफ्तारी के बाद अन्य दोषी मुखिया व पंचायत सचिव कानून के शिकंजे में आते है या इनके बाद पुलिस अपने कर्तव्य की इतीश्री मान लेती है।