साथी संग पुलिस के हत्थे चढ़ा विशाल
जागरण संवाददाता, बक्सर : दो दिनों पूर्व हथियार व कारतूसों के साथ पकड़े गए दो बदमाशों को पुलिस ने बुधव
जागरण संवाददाता, बक्सर : दो दिनों पूर्व हथियार व कारतूसों के साथ पकड़े गए दो बदमाशों को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया। इनकी गिरफ्तारी मंगलवार की शाम शहर से सटे मुफस्सिल थाना क्ष्ेात्र के मित्रलोक कालोनी से हुई थी। जेल जाने वालों में रेलवे कालोनी के विशाल तिवारी व बंटी तिवारी शामिल है। इससे पहले भी जेल जा चुके हैं और हाल में शहर की विधि-व्यवस्था के लिए पुलिस इन्हें बड़ा खतरा मान रही थी।
इसकी पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष ने बताया कि इनका पहले से आपराधिक रिकार्ड रहा है। कुछ ही दिनों पूर्व जमानत पर छूटकर ये जेल से लौटे थे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देशी पिस्टल व छह कारतूस बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस पेट्रोलिंग पर निकली थी। पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था को ले पुलिस पहले से ही सतर्कता बरत रही थी। इसी बीच मित्रलोक कालोनी में दो युवकों को संदिग्ध स्थिति में देखा गया, जो बाजाज पल्सर मोटरसाइकिल पर इधर-इधर चक्कर काट रहे थे। मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखते ही भागने लगे। जिसके बाद उनका पीछा कर दबोच लिया गया। पुलिस के मुताबिक ये किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के फिराक में थे। लेकिन, पुलिस की सतर्कता के चलते इन्हें गिरफ्तार कर इनके मंसूबे पर पानी फेर दिया गया।