चांद रात में जमकर खरीदारी, ईद आज
जागरण संवाददाता, बक्सर : रमजान के महीने की आखिरी तारीख मुकम्मल होते ही सोमवार की शाम मुसलमान भाइयों का उत्साह चरम पर था। सामूहिक इफ्तार की और गले लग एक-दूसरे को बधाई दी। इसके बाद बाजार का रूख किया और ईद के मौके पर मेहमानवाजी की मुकम्मल तैयारी में जुट गये।
सोमवार को चांद का दीदार होते ही मंगलवार को ईद तय हो गया। इसके बाद शहर की चहल-पहल कुछ समय के लिये बढ़ गई। इस दरम्यान मुख्य बाजार की रौनक देखते ही बन रही थी। ऐसा लगा मानो दिन व रात का भेद मिटा हो। बिजली भी भरपूर साथ दिये हुए था जिससे शहर की रौनक दुगनी बढ़े प्रतीत हो रही थी। हालांकि, पूरे दिन के लिये ईद की खरीदारी में जुटी मुस्लिम महिलाएं पहले से ही इस बात का एतबार करा रही थीं जैसे ईद मंगलवार को ही मनायी जायेगी। इधर, इफ्तार के बाद ईद का रंग शहर पर पूरी तरह से छा गया। विभिन्न मस्जिदों पर लोगों के पहुंचने का दौर शुरू हो गया। दूसरी तरफ, महिलाएं व बच्चे खरीदारी को लेकर विशेष रूप से उत्सुक नजर आये। यमुना चौक, मुनीम चौक, पीपी रोड समेत रामरेखाघाट का सौंदर्य प्रसाधन व चुड़ी बाजार अपने पूरे लब्बो-लुआब में रमा नजर आया। खास मेहमानवाजी के रूप में मशहूर सेवई-लच्छे व मिष्ठान की दुकानों पर भी अच्छी भीड़ जमी थी। वहीं, कपड़ों की भी खरीदारी करते लोगों को देखा गया।
नमाज का समय
बक्सर : पुरानी कचहरी मस्जिद के इमाम मुफ्ती मोहम्मद असगर मिस्बाही ने बताया कि सुबह सवा आठ बजे यहां की मस्जिद में ईद की नमाज अदा की जायेगी। वहीं, बड़ी मस्जिद में 8.30 बजे, कसाई मोहल्ला स्थित मदीना मस्जिद में 7.30 बजे, हनुमान फाटक स्थित जुलफज्जल मस्जिद पर 9.00 बजे, नई बाजार ईदगाह में 8.15 पर व सारीमपुर में क्रमश: 8.15 व 8.30 बजे नमाज का समय रखा गया है।