जल जमाव से परेशान लोगों ने किया सड़क जाम
भोजपुर। नगर थाना क्षेत्र के सपना सिनेमा मोड़ के समीप आरा-पटना मुख्य मार्ग पर आनंद नगर मुहल्ले
भोजपुर। नगर थाना क्षेत्र के सपना सिनेमा मोड़ के समीप आरा-पटना मुख्य मार्ग पर आनंद नगर मुहल्ले के लोगों ने मुहल्ले में लंबे समय से व्याप्त जल जमाव को लेकर रविवार को सड़क जाम कर यातायात अवरूद्ध कर दिया। साथ ही जिला प्रशासन व नगर निगम के विरूद्ध जमकर नारेबाजी की। आरा-पटना मुख्य मार्ग पर दो घंटे तक हुए इस सड़क जाम के कारण जाम स्थल के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिसमें विभिन्न यात्री बसों तथा अन्य वाहनों में फंसे यात्री घंटो हलकान होते रहे। जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह 9 बजे के लगभर आनंद नगर मुहल्ले के लोग सपना सिनेमा के समीप आरा-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर प्रशासन के विरूद्ध नारेबाजी करने लगे। उनका कहना था कि जल जमाव की समस्या से निदान के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम के लोगों से कई बार बात चीत की गई पर इसका कोई हल नहीं निकला, जिसको लेकर रविवार को सड़क जाम की गई। घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर आक्रोशित लोगों को किसी तरह समझा कर मामला शांत कराया। तब जाकर सड़क जाम समाप्त कराया जा सका।