अगिआंव, बिहिया व गड़हनी में प्रमुख व उप प्रमुख का हुआ चुनाव
भोजपुर । जिले के बिहिया, अगिआंव एवं गड़हनी प्रखंड में सोमवार को प्रखंड प्रमुख एवं उप प
भोजपुर । जिले के बिहिया, अगिआंव एवं गड़हनी प्रखंड में सोमवार को प्रखंड प्रमुख एवं उप प्रमुख का चुनाव भारी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।
अगिआंव प्रखंड प्रमुख के चुनाव में मुकेश यादव भारी मतों के अंतर से सोमवार को जीत दर्ज किये। मुकेश यादव को मतदान के बाद घोषित परिणाम में 16 वोट मिले। जबकि इनके प्रतिद्वंद्वी कृष्ण मोहन को मात्र 3 मतों से संतोष करना पड़ा। उप प्रमुख के चुनाव में बिंदा देवी निर्विरोध उप प्रमुख बनी। वही दूसरी ओर प्रखंड क्षेत्र के नारायणपुर पंचायत की नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य प्रभा देवी ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी को सौंपा। उन्होंने कहा कि त्यागपत्र देने का निर्णय अपने ही लोगों द्वारा प्रमुख पद के चुनाव में वादाखिलाफी के बाद दुखित होकर लेना पड़ा। बता दें कि इस प्रखंड में प्रमुख पद को लेकर प्रभा देवी और मुकेश यादव में रोमांचक टक्कर की खबर जागरण में छपी थी। दोनों रिश्ते में चचेरे देवर व भोजाई हैं। प्रभा देवी भी प्रमुख पद की लड़ाई के लिए दावेदार थी। हालांकि अंतिम क्षणों में उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा।
गड़हनी (भोजपुर) से संवाद सूत्र के अनुसार प्रखंड के सभागार में सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी सदर नवदीप शुक्ला की देखरेख में गड़हनी प्रखंड प्रमुख व उप प्रमुख का चुनाव संपन्न हुआ। शपथ ग्रहण के बाद प्रमुख के चुनाव में कड़े मुकाबले के बीच मंजू देवी ने अनिता देवी को एक वोट से हराया। इसमें मंजू को 7 और अनिता को 6 वोट मिले। जबकि उपप्रमुख के चुनाव में श्याम कुमार मिश्रा ने नजरा खातुन को तीन वोटों से पराजित किया। इसमें श्याम कुमार मिश्रा को 8 और नजरा खातुन को 5 वोट मिला। इस मौके पर अंचलाधिकारी रंजन कुमार सहित गड़हनी व चरपोखरी के पुलिस बल के जवान मौजूद थे।
बिहिया(भोजपुर) से संवाद सूत्र के अनुसार, बिहिया प्रखंड के किसान भवन में प्रमुख एवं उपप्रमुख का चुनाव किया गया। जिसमें पंचायत समिति सदस्यों की बैठक में रिंकू सिंह प्रमुख तथा शशि भूषण सिंह दूसरी बार उप प्रमुख चुने गये। पंचायत समिति की बैठक साढे़ ग्यारह बजे शुरू हुई तथा सबसे पहले सदस्यों को निर्वाची पदाधिकारी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। तत्पश्चात प्रमुख के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। प्रमुख पद के लिए रिंकू सिंह तथा अंजन कुमारी ने नामाकंन दाखिल किया जिसके बाद हुए गुप्त मतदान में रिंकू सिंह को 10 तथा अंजन कुमारी को 9 मत प्राप्त हुए। इसी तरह उप प्रमुख के लिए तीन लोगों ने नामाकंन पत्र दाखिल किया। उपप्रमुख के चुनाव के लिए हुए मतदान में शशिभूषण सिंह को 10 मत, राखी देवी को 5 मत तथा रंजीत मिश्र को 4 मत प्राप्त हुए। वही प्रमुख का चुनाव समाप्त होने के बाद अभी उपप्रमुख के चुनाव की प्रक्रिया चल ही रही थी कि प्रमुख कौन जीता यह खबर बाहर वायरल हो गयी। जिसके बाद समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी तथा किसान भवन के बाहर ही पटाखे फोड़ने लगे नारेबाजी एवं पटाखे की आवाज सुन निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडलाधिकारी चुनाव प्रक्त्रिया के बीच निकले तथा भीड़ को खरी खोटी सुनाते हुए चेतावनी दी।
-----------
सुरक्षा व्यवस्था थी सख्त:
प्रमुख, उपप्रमुख के चुनाव को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। किसान भवन के अंदर बाहर दो बीसीओ तथा कृषि पदाधिकारी दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त थे। इसके अलावे बिहिया थानाध्यक्ष एसके दूबे, तीयर थानाध्यक्ष, बहोरनपुर ओपी प्रभारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी भारी संख्या में पुलिस बल उपस्थित थे।
-------------
उपमुखिया व उप सरपंच ने लिया शपथ
संवाद सहयोगी, पीरो (भोजपुर) : सोमवार को प्रखंड के 23 पंचायतों में से शेष बचे चार पंचायतों के नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को शपथ दिलाये जाने के बाद इन पंचायतों के उपमुखिया व उपसरपंच का चुनाव कराया गया। यहा संपन्न हुए चुनाव में भड़सर पंचायत में राहुल कुमार को उपमुखिया और बसंत साह को उपसरपंच निर्वाचित घोषित किया गया। नोनार पंचायत में उपमुखिया के पद पर उर्मिला देवी निर्वाचित हुई, जबकि उपसरपंच पद पर शिवशकर राय निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। इसके अलावा कातर पंचायत में पवन कुमार सिंह उपमुखिया तथा कृष्ण कुमार उपसरपंच और नारायणपुर पंचायत में रासबिहारी सिंह उपमुखिया तथा जोन्ही देवी उपसरपंच निर्वाचित घोषित की गयी। पंचायत के नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों का शपथग्रहण और उपमुखिया तथा उपसरपंच का चुनाव संपन्न होने के बाद अब प्रखंड प्रमुख के चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। बता दें कि आगामी 29 जून को पीरो प्रखंड के प्रमुख तथा उपप्रमुख का चुनाव कराया जाना है।