किसान की रस्सी से गला घोंटकर हत्या
जागरण संवाददाता,आरा: उदवंतनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत खलीसा गांव के बाधार में मंगलवार की रात एक किसान
जागरण संवाददाता,आरा: उदवंतनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत खलीसा गांव के बाधार में मंगलवार की रात एक किसान की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी गयी। बुधवार की सुबह खलिसा-सलेमपुर मौजा स्थित एक कीचड़ भरे गढ्डें से मारे गये किसान का शव बरामद किया गया। मृतक निर्मल सिंह उर्फ इंदु सिंह(45) खलीसा गांव निवासी गोरख सिंह का पुत्र बताया जाता है। पुलिस को घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त प्लास्टिक का रस्सी भी मिली है। हालांकि हत्या का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। उदवंतनगर (भोजपुर) से हमारे संवाद सूत्र के अनुसार खलीसा गांव निवासी निर्मल सिंह उर्फ इंदु सिंह मंगलवार की देर शाम करीब सात बजे अपने घर से निकले हुए थे। इस दौरान रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। बुधवार की सुबह करीब आठ बजे उदवंतनगर और चांदी थाना के सीमावर्ती क्षेत्र खलिसा-सलेमपुर मौजा स्थित एक कीचड़ भरे गढ्डें से मारे गये किसान का शव बरामद किया गया। जिसके बाद वहां भीड़ लग गयी। सूचना मिलने पर उदवंतनगर थाना प्रभारी मिथलेश सिंह भी दल-बल के साथ वहां पहुंच गये और शव को अपने कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक किसी से रंजिश की बात सामने नहीं आई है। गांव के एक ग्रामीण के साथ किसान शराब भट्ठी पर गया हुआ था। वहां पर किसी से वाद-विवाद हुआ था कि नहीं इसके बारे में खोजबीन की जा रही है।