ताला तोड़ निकला गया परीक्षा फार्म
जागरण संवाददाता,आरा : मंगलवार को जैन कालेज के कार्यालय का ताला प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी व पुलिस बल के
जागरण संवाददाता,आरा : मंगलवार को जैन कालेज के कार्यालय का ताला प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी व पुलिस बल के जवानों की मौजूदगी में तोड़ा गया। यह जानकारी प्राचार्य डा.सी.एस.साहा ने दी। श्री साहा ने बताया कि कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल के बाद भी बीए भाग तीन का परीक्षा फार्म गत दिनों भरवाया गया था। मगर कर्मचारियों ने परीक्षा प्रपत्र को सात अलमीरा में बंद कर दिया था। हड़ताल समाप्त करने की अपील कर्मचारियों से कई बार की गयी। इसके बावजूद कर्मचारी काम पर वापस नहीं आए। जिस कारण परीक्षा प्रपत्र विवि के परीक्षा विभाग में निर्धारित समय सीमा के अंदर जमा नहीं किया जा सका। 19 अगस्त तक भरे गए परीक्षा प्रपत्र को विवि में जमा करने के लिए यह कार्रवाई की गयी। प्राचार्य की माने तो स्नातक भाग तीन की परीक्षा 10 अक्टूबर से निर्धारित है। छात्र-छात्राओं की भविष्य के मद्देनजर परीक्षा प्रपत्र अलमीरा तोड़कर निकलवाया गया। प्राचार्य ने हड़ताल पर गए कर्मचारियों से 8 अक्टूबर तक काम पर वापस लौटने की अपील की है, ताकि कालेज का कामकाज पूर्व की भांति चले। प्राचार्य ने बताया कि कुलानुशासक डा.सत्यनारायण सिंह व प्राचार्य के संयुक्त हस्ताक्षर से कालेज के सभी शिक्षकों व शिक्षकेतर कर्मचारियों के वेतन व बकाए एरियर का भुगतान कर दिया गया है। श्री साहा ने हड़ताल पर गए कालेज के कर्मचारियों द्वारा सहयोग नहीं किए जाने पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं के भविष्य को देखते हुए कर्मचारियों को अपने काम पर वापस आ जाना चाहिए।