पैक्स चुनाव के प्रथम चरण का नामांकन शुरू
जेएनएन,आरा : पैक्स चुनाव के प्रथम चरण का नामांकन पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत जिले के चार प्रखंडों में मंगलवार को आरंभ हुआ। उत्साहजनक माहौल में नामांकन करने वाले अधिकांश उम्मीदवारों ने मंगलवार को शुभ दिन मानकर जीत की उम्मीद के साथ आरा, बड़हरा, कोईलवर एवं गड़हनी प्रखंडों में अपने नामांकन का पर्चा दाखिल किया। पैक्स चुनाव की घोषित तिथियों के अनुसार उपरोक्त चारों प्रखंडों में आगामी 18 सितंबर तक नामांकन किया जायेगा। जिसकी संवीक्षा सभी उम्मीदवारों की उपस्थिति में 20 सितंबर को की जायेगी। संवीक्षा में उपयुक्त पाये गये उम्मीदवारों को 22 सितंबर को चुनाव चिह्न वितरित किया जायेगा। 29 सितंबर को मतदान संपन्न होने के बाद 30 सितंबर को मतगणना के जरिए उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला सुना दिया जायेगा। मंगलवार को नामांकन के पहले दिन बड़हरा प्रखंड से अध्यक्ष पद के लिये 8 एवं सदस्यों हेतु 38 पर्चे दाखिल किये गये। जबकि कोईलवर प्रखंड में अध्यक्ष पद हेतु 16 एवं सदस्य हेतु 14 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। आरा प्रखंड अंतर्गत पैक्स चुनाव हेतु अध्यक्ष पद के लिये 34 एवं कार्यकारिणी सदस्य हेतु 27 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया।
कोईलवर से संवाद सूत्र के अनुसार,
प्रखंड अंतर्गत पैक्स चुनाव हेतु मंगलवार को 30 उम्मीदवारों ने नामांकन पर्चा दाखिल किया। इस आशय की जानकारी देते हुए बीडीओ सुमिता कुमारी ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिये 16 एवं कार्यकारिणी सदस्य हेतु 14 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। गड़हनी से संवाद सूत्र के अनुसार,गड़हनी प्रखंड के विभिन्न पैक्सों के अध्यक्ष पद हेतु 10 लोगों ने नामांकन किया। बीसीओ चंदन कुमार व सांख्यिकी पदाधिकारी मनोज पाण्डेय ने बताया कि कुरकुरी में पैक्स अध्यक्ष के लिये कुंवर सिंह व शिवमंगल सिंह, हरपुर में नागेश्वर सिंह, जितेन्द्र सिंह, बलिगांव में मनोरंजन सिंह, पप्पू सिंह, बराप में प्रमोद सिंह, काउप में सुनिल यादव, बगवा में दिनेश्वर सिंह, बड़ौरा में अजय कुमार सिंह ने पैक्स अध्यक्ष के लिये नामांकन का पर्चा भरा।
चुनाव को पर्चा कटवाया
शाहपुर (भोजपुर) : पैक्स चुनाव में नामांकन के लिए 39 सदस्यों द्वारा विभिन्न पदों के लिए नाजीर से पर्चा कटवाया गया। इसकी जानकारी प्रखंड नाजीर कमलेश ने दी।