टाटा से अपहृत बालिका आरा में बरामद
जागरण संवाददाता,आरा : झारखंड के जमशेदपुर सिटी से दो रोज पहले अगवा एक बालिका को भोजपुर पुलिस ने शुक्रवार को सकुशल बरामद कर लिया। इसके अलावा अपहरणकर्ता को भी धर दबोचा। अपहृत बच्ची की बरामदगी उदवंतनगर थाना के कसाप गांव से हो सकी। इस दौरान यहां आई जमशेदपुर पुलिस स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर पकड़े गये आरोपी को अपने साथ टाटा ले गयी। एसपी राजेश कुमार के अनुसार पकड़ा गया आरोपी मंतोष कुमार कसाप गांव का निवासी है। वह झारखंड के जमशेदपुर में काम करता था। 20 अगस्त को वह आजादनगर थाना अन्तर्गत चेतापुर मांगो निवासी व्यवसायी मो.आदिल अहमद की दो साल की पुत्री आलिया को अगवा कर भाग आया था। इसे लेकर आजादनगर थाना में कांड संख्या 469/14 के तहत अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करायी गई थी। जिसमें परिजनों ने अपहरण करने की आशंका लिफ्ट में काम करने वाले मजदूर मंतोष कुमार पर जतायी थी। जिसके आधार पर उदवंतनगर थाना प्रभारी मिथलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने कसाप गांव में छापेमारी कर न सिर्फ अगवा बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया,बल्कि आरोपी को भी धर दबोचा। इसके बाद दोनों को स्थानीय कोर्ट में प्रस्तुत किया गया। झारखंड पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर पकड़े गये आरोपी को अपने साथ ले गई है।