विवाहिता की जहर देकर हत्या
जागरण संवाददाता,आरा : एक विवाहिता की जहर देकर हत्या किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र के मड़नपुर गांव की है। घटना के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को ठिकाने लगा दिया गया है। इसे लेकर मृतका के पिता ने संबंधित थाना में एक प्राथमिकी दर्ज करायी है। जिसके आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बताया जा रहा कि गड़हनी थाना क्षेत्र के लसाढ़ी गांव निवासी अवध बिहारी सिंह की पुत्री संगीता देवी की शादी वर्ष 2000 में ही नारायणपुर थाना क्षेत्र के संजय सिंह के साथ हुई थी। दाम्पत्य जीवन के दौरान दंपति को एक पुत्री की भी प्राप्ति हुई थी। इधर अगिआंव (भोजपुर) से हमारे संवाद सूत्र के अनुसार मृतका के पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु थाने में जो आवेदन दिया है, उसमें आरोप लगाया गया है कि दहेज में बाइक हेतु उसकी पुत्री को प्रताड़ित किया जाता था। इस बीच मांग पुरी नहीं होने पर संगीता को जहर देकर मार डाला गया। साथ ही साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को ठिकाने लगा दिया गया। सोमवार को घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गयी। पुलिस ने कहा कि हत्या कि घटना को लेकर मृतका के पिता ने आवेदन जरूर दिया है। जिसके बारे में अभी छानबीन की जा रही है। आवेदन में पति, सास व देवर को आरोपी बनाया गया है।