आग से झुलसी दो महिलाओं ने दम तोड़ा
जागरण संवाददाता,आरा : आग से झुलसकर घायल दो महिलाओं ने बुधवार को सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसे लेकर पुलिस ने अलग-अलग यूडी कांड दर्ज किया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नवादा थाना के अनाईठ मुहल्ला में खाना बनाने के दौरान आग से झुलसी एक महिला रामपातो देवी (55) को इलाज हेतु सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर घायल महिला ने दम तोड़ दिया। मृत महिला अनाईठ निवासी स्व.रामजन्म चौधरी की पत्नी थी। दूसरी ओर टाउन थाना क्षेत्र के बलबतरा मुहल्ला में आग से झुलसकर घायल खुशबु कुमारी(14) नामक एक किशोरी की मौत सदर अस्पताल में इलाज के दौरान हो गयी। मृत किशोरी बलबतरा निवासी रविन्द्र कुमार सिंह की पत्नी थी। इसे लेकर पुलिस ने एक कांड अंकित किया है। हालांकि अभी भी आधा दर्जन से अधिक आग से झुलसी महिलाएं सदर अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है। शवों का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया।