एक साल में एक भी काम नहीं, जिप की बोर्ड बैठक का बहिष्कार
जिला परिषद की सामान्य बोर्ड की तीसरी बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। जिप सदस्यों ने पिछले साल 22 जून को इसके गठन के बाद पंचायतों में एक भी विकास का काम नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए शुक्रवार को आयोजित बोर्ड बैठक का बहिष्कार कर दिया।
भागलपुर : जिला परिषद की सामान्य बोर्ड की तीसरी बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। जिप सदस्यों ने पिछले साल 22 जून को इसके गठन के बाद पंचायतों में एक भी विकास का काम नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए शुक्रवार को आयोजित बोर्ड बैठक का बहिष्कार कर दिया। इस दौरान सदस्यों ने हंगामा किया और डीडीसी के खिलाफ नारेबाजी की। अध्यक्ष टुनटुन साह के नेतृत्व में जिप सदस्य डीएम से मिले और उन्होंने और उनसे अपनी बात रखी। एक साल के अंतराल में यह तीसरी बैठक थी।
जिप सदस्यों का आरोप था कि प्रखंड के अफसर उनकी बात नहीं सुनते हैं न ही उन्हें सम्मान देते हैं। ऐसे में उनकी स्थिति वार्ड सदस्यों से भी बदतर हो गई है। सरकार से 10 करोड़ 22 लाख की राशि आने के बाद भी वे काम कराने की स्थिति में नहीं है। उधर, उप विकास आयुक्त अमित कुमार ने कहा कि सरकार से राशि खर्च करने के लिए मार्गदर्शन मांगा गया है।
इससे पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष अनंत कुमार उर्फ टुनटुन साह की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक शुरू हुई। जिसमें सबसे पहले अध्यक्ष बोले, फिर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी ने संबोधित किया। जब सदस्यों की बोलने की बारी आई, तो सदस्य सभागार से बाहर हो गए।
डीएम से मिले
जिप अध्यक्ष टुनटुन साह, उपाध्यक्ष आरती देवी, शिव कुमार मंडल, गौरव राय, आलोक कुमार, महेश यादव, अरविंद मंडल, प्रमुख रेशमी देवी व संगीता देवी आदि।
अध्यक्ष बोले, काम नहीं होने से जनता है आक्रोशित
जिप अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में काम नहीं होने से जनता में आक्रोश है। प्रखंड स्तर के पदाधिकारी सदस्यों की बात नहीं सुनते हैं। सम्मान नहीं देते हैं। मनरेगा योजना में धांधली हो रही है। शाहकुंड प्रखंड में पीओ ने लाखों का घोटाला किया है। इसकी जांच की मांग डीएम से की गई है। शाहकुंड में जेसीबी से काम कराकर मजदूरों को भुगतान किया गया है। अध्यक्ष ने आंगनबाड़ी केंद्रों में धांधली सहित सीडीपीओ पर कार्रवाई की मांग डीएम से की। अध्यक्ष ने कहा कि पहली बैठक 23 जुलाई 2016 को तथा दूसरी बैठक 28 जनवरी को हुई थी।
डीएम ने जिप सदस्यों को दिया आश्वासन
अध्यक्ष ने बताया कि सदस्यों को डीएम ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में बैठकों में सभी अफसर आएंगे। उन्होंने शाहकुंड के पीओ पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। जहां-जहां बिजली के तार व पोल जर्जर हैं उन्हें ठीक किया जाएगा।
---------------------
कोट
सदस्यों की योजनाएं हैं। राशि खर्च करने के लिए मार्गदर्शन मांगा गया है। सदन में कुछ पार्षद के पति भी बैठक में आ गए थे, जो गलत है। अगली बैठक में सिर्फ पार्षद भाग लेंगे। बैठक के बाहर सदस्यों ने नारेबाजी की है। सदस्य किस बात से खफा थे यह पता नहीं चल पाया। अब सदस्यों की सहमति से जब बैठक बुलाई जाएगी, तब इस एजेंडे पर बहस होगी।
अमित कुमार, मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद।