हाउसिंग बोर्ड में अवैध कब्जे को हटाने का अभियान जारी
भागलपुर। हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों ने बुधवार को दूसरे दिन भी यहां के मकानों को अवैध कब्जे से मुक्त
भागलपुर। हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों ने बुधवार को दूसरे दिन भी यहां के मकानों को अवैध कब्जे से मुक्त कराने का अभियान जारी रखा। सुबह 11 बजे कार्यपालक अभियंता गुलाम सरवर की अगुआई में बोर्ड के सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने अवैध कब्जे में पड़े मकानों के पास पहुंचे और खाली कराया।
बोर्ड के अधिकारियों का टारगेट इलाका सेक्टर सात में एलआइसी कॉलोनी के पीछे के एमआइजी अपार्टमेंट थे। तीन मंजिल वाले ये अपार्टमेंट एक किस्म से पूरी तरह से अवैध कब्जे में हैं। अपार्टमेंट भी जर्जर है। यहां अभियान के क्रम में एक दर्जन के करीब घर खाली कराए गए। इसके साथ एक दिन पूर्व खाली हुए घरों को भी सीलबंद किया गया। कार्यपालक अभियंता ने बताया कि अवैध कब्जा हटाने का अभियान जारी रहेगा।
======
खुद भी खाली कर रहे लोग मकान
हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों की कार्रवाई को देखते हुए कई अवैध कब्जेधारी खुद ही अपना कब्जा छोड़ रहे हैं। हालांकि एमआइजी फ्लैट में रहने वाले लोग यह कहते भी दिखे कि टूटे-फूटे मकान में रह रहे हैं, जब तक यह दूसरे को नहीं दिया जाता उन्हें रहने दिया जाए। इसपर कार्यपालक अभियंता ने कहा कि आप अवैध तरीके से रहे हैं और अवैध तरीके से यहां बिजली भी जला रहे हैं। इसपर तो सीधा केस बनता है। आशय यह कि कानूनी तरीका अपनाने पर मजबूर न करें अन्यथा कठिनाई बढ़ जाएगी।
======
पूर्णिया में भी चलेगा अभियान
हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालक अभियंता गुलाम सरवर ने बताया कि पूर्णिया में अवैध कब्जे को खाली कराने अभियान चलाया जाएगा। वहां भी करीब 300 मकान अवैध कब्जे में हैं। सभी लोगों को नोटिस किया जा रहा है। कैंप लगाकर अवैध कब्जा हटाया जाएगा।